पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट
Pragati Path Yatra: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को पूर्णिया में प्रगति पथ यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान के साथ की. गुलाबबाग जीरो माइल पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य स्वच्छ, स्वस्थ, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण करना है. उन्होंने लोगों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि देश के विकास की नींव साफ-सुथरे और जागरूक समाज से ही मजबूत होगी.
सुबह आयोजित स्वच्छता अभियान में केंद्रीय मंत्री ने स्वयं भाग लिया और लोगों को अपने घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी से सफल होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है.
आइजोल का उदाहरण देकर दिया स्वच्छता का संदेश
ललन सिंह ने अपने संबोधन में मिजोरम की राजधानी आइजोल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अधिकांश लोग रोज सुबह अपने घरों के बाहर सफाई सुनिश्चित करते हैं. यही कारण है कि शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि यदि देश के हर नागरिक में ऐसी आदत विकसित हो जाए तो भारत को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का सपना जल्द पूरा हो सकता है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है. साफ वातावरण से बीमारियां कम होती हैं और समाज अधिक उत्पादक बनता है. इसलिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर स्वच्छता अभियान से जुड़ना चाहिए.
Pragati Path Yatra: कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह, पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका, कसबा विधायक नीतेश सिंह तथा नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार मंगलम समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने स्वच्छता और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
दिनभर व्यस्त रहेगा केंद्रीय मंत्री का कार्यक्रम
प्रगति पथ यात्रा के तहत केंद्रीय मंत्री का दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का कार्यक्रम निर्धारित है. पूर्वाह्न 11:30 बजे वे जीएमसीएच पूर्णिया का निरीक्षण करेंगे और मरीजों के बीच फल वितरित करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:05 बजे श्रीकृष्ण सेवा सदन में स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे.
दोपहर 12:25 बजे स्थानीय कला भवन में आयोजित विकसित भारत सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. वहीं अपराह्न 3:15 बजे वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्ग सम्मान कार्यक्रम में शामिल होंगे और वरिष्ठ नागरिकों से संवाद करेंगे.
इसे भी पढ़ें: बदले गए पटना, गया समेत बिहार के 13 जिलों के SP, जानिए आपके जिले का नया पुलिस कप्तान कौन
