पूर्णिया पूर्व से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
पूर्णिया पूर्व. मध्य विद्यालय मंझेली हाट में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक विकास एवं कल्याण विषय पर अभिभावक वर्गवार संगोष्ठी का आयोजन किया गया .कार्यक्रम में वर्ग 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया. सभी वर्ग शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की.बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहना जरूरी :
संगोष्ठी के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान भी बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहनी चाहिए. इसके लिए घर में शांत एवं रोशनी युक्त अध्ययन कक्ष या कोना निर्धारित करने, बच्चों को सुबह जल्दी उठने, पौष्टिक एवं प्रोटीनयुक्त नाश्ता कराने तथा प्रतिदिन कम से कम दो घंटे अध्ययन कराने की सलाह दी गई. विद्यालय द्वारा दिए गए गृहकार्य को नियमित रूप से करवाने और बच्चों को अत्यधिक गर्मी, आंधी-तूफान एवं अन्य जोखिमों से सुरक्षित रखने पर भी विशेष बल दिया गया.अभिभावकों को बच्चों के साथ सौम्य व्यवहार रखने की जरूरत
शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के साथ सौम्य व्यवहार करने, उनकी भावनाओं को समझने, नशीले पदार्थों से दूर रखने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्याप्त नींद सुनिश्चित करने की सलाह दी. साथ ही बच्चों को प्रतिदिन शाम के समय खेलकूद का अवसर देने की भी अपील की गई . प्रधानाध्यापक मुकेश नंदन मधुकर ने कहा कि अभिभावक बच्चों को महान शिक्षकों, गणितज्ञों एवं महापुरुषों की प्रेरणादायक कहानियां सुनाएं, जिससे उनमें सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार विकसित हों. उन्होंने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर और भविष्य हैं .उनके मानसिक, भावनात्मक एवं शैक्षणिक विकास के लिए परिवार और विद्यालय दोनों की समान जिम्मेदारी है.
