पूर्णिया के विभिन्न रेलवे क्रॉसिंग पर बनेंगे ओवरब्रिज : सांसद

सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा

पूर्णिया. सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने अपने लोकसभा क्षेत्र पूर्णिया में रेलवे क्रॉसिंग से जुड़ी समस्याओं को लेकर आज संसद में केंद्र सरकार से सवाल पूछा .इसमें विविध रेलवे क्रॉसिंग तथा पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के अंतर्गत पूर्णिया-कटिहार रेलवे खंड पर सड़क उपरी पुलों/सड़क अधोगामी पुलों के निर्माण के संबंध में सवाल पूछ कर भारत सरकार ने विस्तृत जानकारी मांगी . सांसद पप्पू यादव के सवाल के जवाब में केन्द्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारतीय रेल में समपारों के स्थान पर ऊपरी या निचले सड़क पुलों का निर्माण एक सतत और गतिशील प्रक्रिया है. इन परियोजनाओं को रेल परिचालन की सुरक्षा, ट्रेनों की गति क्षमता और सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाती है.रेल मंत्री ने बताया कि बेलौरी चौक में कटिहार–जोगबनी रेलखंड पर किलोमीटर 25/2-3 पर स्थित समपार संख्या केजे-13 पर ऊपरी सड़क पुल के निर्माण के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की जा चुकी है.इस परियोजना का कार्य बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है और इसके लिए ठेका भी दिया जा चुका है. इसी तरह गढ़बनैली कसबा में कटिहार–जोगबनी रेलखंड के किलोमीटर 31/1-2 पर स्थित समपार संख्या केजे-18 पर 59 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है और इसके लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया गया है. वहीं बनमनखी रेलवे क्रॉसिंग पर यार्ड के पास किलोमीटर 37/2-3 पर समपार संख्या 45 पर 91 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिसके लिए सामान्य व्यवस्था आरेख तैयार करने का काम शुरू हो गया है. सांसद पप्पू यादव के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने आगे बताया कि रानीपतरा में समपार संख्या केजे-11 के लिए तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है. जनता चौक रेलवे क्रॉसिंग (सहरसा–पूर्णिया रेलखंड) तथा पूर्णिया कोर्ट रेलवे क्रॉसिंग (कटिहार–पूर्णिया रेलखंड) पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शुरू हो चुका है. कसबा स्टेशन, जलालगढ़ और गढ़बनैली रेलवे क्रॉसिंग पर भी आरओबी या आरयूबी निर्माण के लिए तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है. वहीं जानकीनगर और रुपौली रेलवे क्रॉसिंग पर भी ओवरब्रिज निर्माण को लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूर्णिया और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही सड़क यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा तथा लोगों का समय भी बचेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >