केनगर. केनगर थानाक्षेत्र में स्मैक-शराब के गोरखधंधे को लेकर शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लेते हुए नवपदस्थापित सदर एसडीपीओ टू डॉ. गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मंगलवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई की. परोरा चौक स्थित हाईस्कूल मैदान में घेराबंदी कर पुलिस ने 19 ग्राम स्मैक और एंड्रॉइड मोबाइल के साथ पूर्व से मर्डर केस के दागी रहे एक शातिर नशे के सौदागर को धर दबोचा. गौरतलब है कि बीते दिनों केनगर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने इलाके में स्मैक, कोडीन कफ सिरप, शराब और गांजे की धड़ल्ले से हो रही अवैध बिक्री का मुद्दा उठाया था. इस पर बैठक में मौजूद नवनियुक्त एसडीपीओ सदर टू डॉ. गौरव कुमार ने कड़े लहजे में अपराधियों को चेतावनी दी थी. उन्होंने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए साफ कहा था कि जिस भी थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार की भनक मिलेगी, वहां मैं खुद छापेमारी कर इस गिरोह को जड़ से नेस्तनाबूद कर दूंगा. अपने इसी संकल्प को धरातल पर उतारते हुए डॉ. गौरव कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की देर रात विशेष टीम के साथ परोरा चौक स्थित हाई स्कूल के मैदान में धावा बोल दिया. पुलिस की अचानक हुई इस दबिश से तस्करों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घेराबंदी के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को दबोचा, जिसकी पहचान रमन कुमार उम्र 20 वर्ष निवासी परोरा वार्ड नंबर 13, थाना केनगर, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है. तलाशी लेने पर उसके पास से 19 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-टू) डॉ. गौरव कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार रमन कुमार कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि उसका पुराना और बेहद खतरनाक आपराधिक इतिहास रहा है. वह पूर्व में भी एक सनसनीखेज मर्डर केस में जेल की हवा खा चुका है, जिसका मामला मरंगा थाने में दर्ज है.
हत्यारोपी को एसडीपीओ ने 19 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा
केनगर
