पूर्णिया : मरंगा थाना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मिल्की स्थित एक लॉज से दो युवकों और पश्चिम बंगाल की एक युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों के पास से विभिन्न कंपनियों के 11 मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है. पुलिस के अनुसार, झपटमारी के बाद मोबाइल को नेपाल में खपाया जाता था.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बनभाग निवासी मो. राज और झुंनी निवासी मो. रब्बानी के रूप में हुई है. वहीं गिरफ्तार युवती पश्चिम बंगाल की रहने वाली बतायी गयी है. छापेमारी के दौरान एक आरोपित ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
मोबाइल छीनकर राज को देता था रब्बानी
पुलिस पूछताछ में मो. राज ने बताया कि रब्बानी राहगीरों से मोबाइल छीनकर उसे देता था. इसके बाद वह उन मोबाइल को नेपाल में आपूर्ति करता था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने मोबाइल छीने हैं और नेपाल में इन्हें किन लोगों के माध्यम से खपाया जाता था.
पूछताछ के दौरान मो. राज ने यह भी बताया कि उसके साथ गिरफ्तार युवती उसकी प्रेमिका है और वह पिछले छह महीने से उसके साथ रह रही थी. पुलिस युवती की भूमिका की भी जांच कर रही है.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मिल्की स्थित एक लॉज में छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान दो युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 11 मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद हुई है. पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और मोबाइल खपाने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपितों को चिकित्सीय जांच के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, पूर्णिया ले जाया गया. पुलिस मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई कर रही है.
