– पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सेमिनार पूर्णिया. पूर्णिया अभियंत्रण महाविद्यालय( पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग) में ब्रह्माकुमारी के शिक्षा प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया. “नई आशा: एक बेहतर कल” थीम पर आधारित इस सत्र का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग के छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव को कम करना तथा उन्हें सकारात्मक और संतुलित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संस्थान के प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने किया. इस अवसर पर प्राचार्य ने कॉलेज प्रशासन और ब्रह्माकुमारी के इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए छात्रों को प्रेरित किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल तकनीकी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी उतनी ही आवश्यक है. उन्होंने कहा कि अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. हमारे छात्रों को न केवल कुशल इंजीनियर बनना है, बल्कि एक संतुलित, आत्मविश्वासी और स्वस्थ व्यक्तित्व का स्वामी भी बनना है. जब मन मजबूत होता है तो कठिन से कठिन चुनौतियों का सामना भी सहजता से किया जा सकता है. सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में ब्रह्माकुमारी के वक्ता बीके गणेश, बीके रूपाली, बीके शोभा और बीके पूजा उपस्थित रहे. वक्ताओं ने छात्रों को बताया कि कैसे छोटी-छोटी मानसिक कसरतों, सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति दृष्टिकोण में परिवर्तन के माध्यम से बड़े से बड़े मानसिक तनाव को कम किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर भविष्य का निर्माण तभी संभव है जब वर्तमान में मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिए एक विशेष मेडिटेशन (राजयोग ध्यान) सत्र भी आयोजित किया गया. इस आयोजन में कॉलेज के वरिष्ठ संकाय सदस्यों डॉ. श्वेताम्बरा, सौरभ कुमार, यदेश कुमार और अमित रंजन का विशेष योगदान रहा.
इंजीनियरिंग छात्रों में मानसिक दृढ़ता, आत्मविश्वास व सकारात्मक सोच जरूरी : प्रो. मनोज
पूर्णिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष सेमिनार
