Kidnapping Case: जानकीनगर (पूर्णिया). मधेपुरा जिले का एक युवक, जो बेंगलुरु मजदूरी करने जा रहा था, कथित रूप से रास्ते से अगवा कर लिया गया. आरोप है कि उसे पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल में आठ दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई. मामले की शिकायत मिलने के बाद जानकीनगर थाना पुलिस ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया.
बेंगलुरु जाने के दौरान रास्ते से किया गया अगवा
जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के कोलूआ गांव निवासी मो. शहनवाज, पिता मो. जब्बार, 17 जुलाई की शाम अपने घर से बेंगलुरु मजदूरी के लिए निकले थे. आरोप है कि इसी दौरान रास्ते से उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया.
आठ दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि युवक को जानकीनगर थाना क्षेत्र के रूपौली दक्षिण पंचायत स्थित रमजानी गांव निवासी मो. नियामुद्दीन के घर में बंधक बनाकर रखा गया. इस दौरान उसे रस्सी से बांधकर मारपीट की गई. युवक की हाल ही में लगभग दो महीने पहले शादी हुई थी.
बहन ने लगाया फिरौती मांगने का आरोप
पीड़ित युवक की बहन मजिना खातून ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मोबाइल पर वीडियो भेजकर 10 लाख रुपये की मांग की. आरोप है कि रुपये नहीं देने पर युवक की हत्या करने की धमकी भी दी गई. इसके बाद परिजनों ने पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने युवक को कराया मुक्त
Kidnapping Case: जानकीनगर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक को ससुराल पक्ष के कब्जे से मुक्त कराया. पूछताछ के बाद उसे सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया गया.
मामले की जांच जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद विधिसम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी.
