भवानीपुर (पूर्णिया) से अभिषेक की रिपोर्ट Purnia News : करीब 13 माह पूर्व लापता हुई युवती की बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं. 24 घंटे के रिमांड पर लिए गए दोनों आरोपियों ने गहन पूछताछ में अपने जुर्म स्वीकार करते हुए कई तथ्यों का खुलासा किया है. हालांकि, पुलिस फिलहाल जांच प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए इन जानकारियों को सार्वजनिक करने से बच रही है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपी मनोज जायसवाल उर्फ प्रह्लाद जायसवाल तथा युवती के प्रेमी नूर मोहम्मद आलम से पुलिस ने अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की. प्रारंभिक चरण में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सच्चाई कबूल कर ली. भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. विशेष रूप से मनोज जायसवाल के घर से बरामद युवती के साथ ही बड़ी मात्रा में मिले जिंदा कारतूस और अवैध हथियारों के संबंध में भी विस्तृत पूछताछ की गयी है. गौरतलब है कि युवती करीब एक वर्ष पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गयी थी. बाद में पुलिस ने उसे सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग गुंडा चौक स्थित मनोज जायसवाल के घर से बरामद किया था. जांच में यह भी सामने आया है कि युवती को उसके प्रेमी नूर मोहम्मद आलम ने ही मनोज जायसवाल के हवाले किया था. पुलिस ने रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
Purnia News गुलाबबाग गुंडा चौक से बरामद युवती के मामले में रिमांड पर प्रेमी समेत दो आरोपितों से पूछताछ
करीब 13 माह पूर्व लापता हुई युवती की बरामदगी से जुड़े मामले में पुलिस पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं.
