पूर्णिया. कुल्ल्हैय्या डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के बैनर तले रविवार को जिले के डगरुआ प्रखंड अन्तर्गत दरहा गांव स्थित मदरसा दारूल बनात रहिमिया में शिक्षा जागरुकता अभियान चलाते हुए ग्रामीण बच्चों को नियमित स्कूल जाने और नियमित पढ़ने के लिए प्रेरित किया गया. बच्चों को बताया गया कि बेहतर तालीम हासिल करने के बाद ही उन्हें सरकारी महकमे में बड़ा ओहदा मिल सकता है. अभियान के दौरान मदरसा के बच्चों से बात करते हुए कनक लाल उच्च विद्यालय सौरा जाबर के प्रधानाचार्य मोहम्मद मुज़्ज़फ्फर आलम ने कहा कि आप लोग अगर अभी से कड़ी मेहनत करेंगे तो बड़े होकर बड़ा से बड़ा पदाधिकारी बन पायेगें और अपने देश की सेवा करेंगे. कुल्ल्हैय्या डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के सचिव तनवीर मुस्तफा उर्फ़ मुन्ना ने बच्चो से मुखातिब होते हुए कहा जीवन में खुशहाली के लिए एजुकेशन बहुत जरुरी है और यह तभी संभव है जब आप अभी से पढ़ाई में मेहनत करेंगे. मेहनत से रिजल्ट बेहतर आएगा और तब किसी कम्पीटिशन में भाग लेने का मौका मिलेगा. इंजीनियर शौकत अहमद ने बच्चों को अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया. ग्रामीण मेराज आलम ने बच्चों को शिक्षा की अहमियत बतायी.कार्यक्रम को सफल बनाने में मास्टर अनिस आलम और मदरसा के सभी शिक्षकों का अहम योगदान रहा. कुल्ल्हैय्या डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के सचिव तनवीर मुस्तफा ने कहा कि यह कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा.
गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए कड़ी मेहनत की दी गई प्रेरणा
कुल्ल्हैय्या डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन
