जीएसटी की दरों में कटौती से धनतेरस पर कारोबारियो को है धनवर्षा की उम्मीद

उम्मीदों के भरोसे शहर में इस बार पहले से सज गये हैं धनतेरस के बाजार

उम्मीदों के भरोसे शहर में इस बार पहले से सज गये हैं धनतेरस के बाजार

बर्तन कारोबारियों ने किया है पीतल व कांसा के नये-नये आइटमों का स्टॉक

जीएसटी की दरों में कटौती से एक तरफ जहां कारोबारियों की उम्मीदों को संबल मिला है वहीं दूसरीओर खरीदारों का उत्साह भी बढ़ा है और इसका असर पूर्णिया के धनतेरस को लेकर सज रहे बाजार पर देखा जा रहा है. जीएसटी की दरों में कटौती ने न केवल वाहनों को बुकिंग को उड़ान दी है बल्कि इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर का जोश भी बढ़ाया है क्योंकि जमकर बुकिंग हो रही है. कारोबारियों को भरोसा है कि इस साल धनतेरस में बाजार बूम पर रहेगा और धनवर्षा होगी. बाइक, कार, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, सजावट के सामान, गणेश-लक्ष्मी की मिट्टी की मूर्तियां, मोबाइल आभूषण सहित अन्य ट्रेडों के बाजार में अभी से रौनक दिखने लगी है. दरअसल, शहर में इस बार पहले से ही बाजार तैयार है. विभिन्न सेक्टरों के दुकानदारों ने उत्पादों का स्टॉक कर लिया है. कई उत्पादों की होलसेल खरीदारी भी शुरू हो गई है. ऑटोमोबाइल सेक्टर में धनतेरस की बुकिंग चल रही है. इस बार लोगों का उत्साह देखकर बाजार की उम्मीद बढ़ गई है. दुकानदारों ने ग्राहकों की रुझान को देखते हुए विभिन्न उत्पादों का स्टॉक कर लिया है.

—————————

बाजार के हर सेक्टर में ग्रहकों का हो रहा इंतजार

पूर्णिया. जिले में इस साल धनतेरस पर हर सेक्टर में खास शॉपिंग की आस बंधी है. ग्राहकों के इंतजार में बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक, सर्राफा और सजावटी सामान का बाजार तैयार है जहां परंपरा निभाने के लिए जमकर खरीदारी होगी. दुकानदारों ने रंग-बिरंगे गुब्बारे, झूमर और रंगीन लाइटें लगाकर दुकानों को आकर्षक रूप से सजाया है. हालांकि धनतेरस में अभी चार दिन शेष बचे हैं पर बाजारों की रौनक अभी से बढ़ गई है. पहले से बाजार में लोगों की भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं. शहर के भट्ठा बाजार और मधुबनी बाजार में दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे अस्थाई रूप से विशेष दुकानें लगाई जा रही है, जिससे बाजार की रौनक बढ़ गई है. लक्ष्मी गणेश की मूर्ति, बर्तन व आभूषण के दुकानों को देशी और विदेशी एलईडी रंगीन बल्ब से विशेष प्रकार से सजाया गया है. नए बर्तनों को दुकानों में इस प्रकार से सजाया जा रहा है, ताकि धनतेरस के मौके पर ग्राहकों को उनकी मांग के अनुरूप सामग्री देने में सहूलियत हो. शहर के कई मशहूर कंपनियों द्वारा बर्तनों व आभूषणों की खरीद पर आकर्षक ऑफर की भी पेशकश की जा रही है.

बाजार में सज गये स्टील, पीतल और कांसा के वर्तन

धनतेरस पर लोग अपनी जरुरत का सामान खरीदने के अलावा वर्तन भी खरीदना पसंद करते हैं. स्टील, पीतल और कांसा के वर्तन दीपावली के लिए सज गए हैं. स्टील के छोटे बड़े आइटम के अलावा पीतल के भी कई आइटम बाजार में बिकने के लिए तैयार है. इसके अलावा नान स्टिक आइटम भी काफी डिमांड में हैं. दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस के लिए बाजार में अच्छी क्वालिटी के वर्तन मंगाए गये हैं. स्टील वर्तन के अलावा कांच और बोन चाइना के भी वर्तन सेट उपलब्ध हैं. बाजार में एक पर एक वर्तन सेट उपलब्ध हैं. कई ऐसे सेट हैं जिसमें 250 पीस तक होते हैं. इस तरह के सेटों में ड्रम से लेकर बाल्टी जैसे बड़े आइटम भी शामिल हैं. 111 पीस वाले वर्तन सेट 5000 से 7000 के रुपये तक के रेंज में मिल रहे हैं. बाजार में 121 और 151 पीस वाले वर्तन सेट की कीमत 7000 रुपये से शुरू है. वर्तन सेट के कुछ ऐसे आइटम भी हैं जिसमें आफर का भी प्रावधान किया गया है.

नान स्टीक आइटम भी उपलब्ध

नान स्टीक आइटम भी बाजार में उपलब्ध हैं. इसमें तवा कढाई से लेकर कई तरह के आइटम हैं. विभिन्न कंपनी के साथ इसके रेट भी अलग अलग हैं. 1500 से इसके दाम शुरू होते हैं और 7 से 8000 तक पहुंच जाते हैं. बाजार में पीतल के बर्तनों के ढेर सारे आइटम है इसमें सुप से लेकर पीतल का लोटा कटोरी कल्छुल जैसे छोटे बड़े कई आइटम हैं. पीतल के बर्तन साढे पांच सौ प्रति किलो से शुरू होते हैं. कांसा का परात कटोरी आदि आइटम हजार रुपये प्रति किलो ग्राम के भाव पर बेचे जा रहे हैं.

सज कर तैयार हैं आभूषणों की दुकानें

धनतेरस के लिए शहर में आभूषणों की दुकानें भी सज कर तैयार हैं. मूर्ति लेनी हो या सिक्का, कम से कम तीन से चार हजार रूपए के साथ बाजार पहुंचें. दस ग्राम के सोने की मूर्ति की कीमत भी आज के भाव के हिसाब से ली जा रही है. शहर और आसपास के बाजार में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा 10 ग्राम से लेकर 250 ग्राम तक उपलब्ध है. दुकानदारों का कहना है कि यहां इससे ज्यादा वजन के लिवाल नहीं आते. सिक्का और लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों के अलावा आभूषण के बाजार में मांगलिक कार्यों की उपयोगी चांदी की मछली, पान, खराउं, कटोरा, चम्मच, टिकली, दीया, कजरोटी, कलम आदि भी उपलब्ध हैं. आभूषण के कई दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस और दीपावली में महंगाई के बावजूद मांग बढ़ जाती है.

शहर में सजाए गए वाहनों के शोरूम

धनतेरस पर जीएसटी में कटौती का सबसे ज्यादा वाहनों के बाजार में देखा जा रहा है. धनतेरस और दीपावली को लेकर दोपहिया वाहनों के शो-रूम को सजाया गया है. शहर की लगभग सभी बाइक एजेंसियों को विभिन्न प्रकार के आकर्षक पोस्टर बैनर से एवं रंग बिरंगे बल्बों से सजाया गया है. बाइक की विभिन्न कंपनियों के शोरूम में बाइक की खरीद पर कई तरह का उपहार ग्राहकों को दिए जा रहे है ताकि ग्राहक बाइक खरीदने के लिए खुशी-खुशी आएं. धनतेरस पर आटोमोबाइल मार्केट में एडवांस बुकिंग ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है और सबसे अधिक बुकिंग दो पहिया वाहनों की हो रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >