मौसम के बदले मिजाज के बीच आज भारी बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट जारी

ऑरेंज अलर्ट जारी

पूर्णिया. मौसम ने फिलहाल मिजाज बदल लिया है. मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत रहेगी क्योंकि मौसम में अभी लगातार बदलाव हो रहा है. पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्णिया और आसपास के इलाकों में आगामी 23 मई तक बारिश जारी रहने की संभावना है, जिससे गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी. सोमवार 19 मई को भारी बारिश की संभावना बतायी गयी है. इस दौरान बारिश के साथ तेज़ हवा और गरज के भी आसार हैं.मौसम विज्ञान केंद्र ने इस दौरान ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है. इधर, रविवार को पूर्णिया में मौसम का अधिकतम तापमान 31.0 एवं न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है.

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार की रात से ही मौसम में बदलाव नजर आने लगा है. हालांकि शनिवार को धूप निकली पर आसमान में बादल छाए रहे. रात में बारिश नहीं हुई पर रविवार को बादल बरस गये. वैसे, सुबह से धूप-छांव का खेल चल रहा था पर दोपहर होते ही मौसम का मिजाज बदल गया. बारिश के साथ तेज हवा का भी दौर रहा. हालांकि इससे अभी किसी नुकसान की खबर नहीं है पर समझा जाता है कि देर शाम तक जमकर बारिश हो सकती है. पूर्णिया के मौसम इंडेक्स की मानें तो अगले पांच दिनों तक बारिश के आसार बने हुए हैं. आने वाले 22 मई तक झमाझम बारिश के संकेत दिए गये हैं जबकि 23-24 मई को क्लाउडी मौसम की संभावना बतायी गयी है. मौसम विज्ञान केन्द्र ने इस बीच मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना भी बतायी है और लोगों को अगाह किया है.

मौसम के मिजाज ने बढ़ायी किसानों की चिन्ता

मौसम के इस मिजाज ने किसानों की चिन्ता बढ़ा दी है. मौसम के इस बदलाव से अधिकांश मक्का एवं मूंग किसान ज्यादा परेशान हैं क्योंकि अभी भी बड़े पैमाने पर मक्का की तैयारी चल रही है तो मूंग भी फलन पर आ गया है. अगर हल्की बारिश भी होती है तो मक्का के किसानों को मक्का सुखाने में काफी परेशानी होगी और मूंग की फूल झड़ जाएंगे. स्वाभाविक है जब मूंग की फसल में फूल ही नहीं रहेंगे तो फलन भी प्रभावित होगा. किसानों की मानें तो कहीं मक्का काट कर सूखने के लिए खुले में छोड़ा गया है तो कहीं कटाई की जा रही है. दोनों ही स्थिति में बारिश से नुकसान हो सकता है. इधर, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए किसानों से कृषि उत्पाद सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की सलाह दी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >