Purnia, अफसरों व कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति पर स्वास्थ्य विभाग सख्त
Copied link
अफसरों व कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति पर स्वास्थ्य विभाग सख्त
भवानीपुर(पूर्णिया) से इंदेश्वरी यादव की रिपोर्ट,
पूर्णिया जिले के भवानीपुर प्रखंड में अफसरों व कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति पर स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है. बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी सरकारी कार्यालयों में कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है. जारी आदेश के तहत अब सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अपनी उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करनी होगी. निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि सभी सरकारी कर्मियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का मनोयोगपूर्वक निर्वहन करना होगा. साथ ही, कार्यालय अवधि समाप्त होने से पूर्व कार्यालय छोड़ने पर भी सख्ती बरती जाएगी. स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस संबंध में पूर्णिया के सिविल सर्जन डा. प्रमोद कुमार कनौजिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बायोमेट्रिक मशीन के जरिए ही अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी. इससे कार्यालय संचालन में पारदर्शिता आएगी और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई कर्मचारी या पदाधिकारी इस निर्देश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी. सरकार का मानना है कि इस कदम से कार्यालयों में अनुशासन कायम होगा और आम जनता को मिलने वाली सेवाओं में भी सुधार देखने को मिलेगा. स्थानीय स्तर पर भी इस आदेश का असर दिखने लगा है और अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को समयपालन एवं जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है. प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी सरकारी कार्यालयों में यह व्यवस्था पूरी तरह लागू हो, ताकि बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.