Purnia Panchmukhi Hanuman Mandir : पूर्णिया के गुलाबबाग जीरोमाइल चौक स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ नेपाल, भूटान, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाले भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. सड़क मार्ग से आने-जाने वाले कई श्रद्धालु यहां भगवान पंचमुखी हनुमान के दर्शन के लिए जरूर रुकते हैं. सावन के दौरान मंदिर परिसर में देशी-विदेशी कांवरियों और श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है.
अस्सी के दशक में रखी गई थी मंदिर की नींव
जीरोमाइल चौक पर स्थित इस मंदिर की नींव अस्सी के दशक में रखी गई थी. बाद के वर्षों में स्थानीय व्यवसायी समाज की भागीदारी से मंदिर का विस्तार कर इसे भव्य स्वरूप दिया गया. मंदिर में भगवान हनुमान के पंचमुखी स्वरूप की पूजा होती है. श्रद्धालु पंचमुखी हनुमान को संकटमोचन और नकारात्मक प्रभावों से रक्षा करने वाला स्वरूप मानते हैं.
मंगलवार और शनिवार को लगता है महाभोग
मंदिर में पिछले कई वर्षों से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को खिचड़ी का महाभोग लगाया जाता है और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है. हनुमान जन्मोत्सव पर भी विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं. सावन में मंदिर परिसर में विशेष अनुष्ठान और शिविर लगाए जाते हैं.
कांवरियों का प्रमुख पड़ाव है जीरोमाइल
सावन शुरू होते ही मंदिर परिसर में नेपाल, भूटान और पूर्वोत्तर राज्यों से आने वाले कांवरियों का पड़ाव शुरू हो जाता है. जीरोमाइल चौक की लोकेशन के कारण यहां पहुंचना भी आसान है. सावन के दौरान मंदिर परिसर में सुबह से शाम तक 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजते रहते हैं.
