फोटो- गोरेलाल मेहता महाविद्यालय , बनमनखी | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया विवि के GLM कॉलेज में परीक्षा का वीडियो वायरल: छात्रा 2 साल के लिए निष्कासित, वीक्षक पर भी गिरेगी गाज

पूर्णिया विश्वविद्यालय के जीएलएम कॉलेज में एक छात्रा ने परीक्षा कक्ष का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। परीक्षा की गोपनीयता भंग करने पर छात्रा को दो शैक्षणिक सत्रों के लिए निष्कासित किया गया है।

पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय अंतर्गत जीएलएम कॉलेज बनमनखी स्थित परीक्षा केंद्र के परीक्षा कक्ष का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में एक परीक्षार्थी को दो शैक्षणिक सत्रों के लिए निष्कासित कर दिया गया है. वहीं, परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन पहुंचने और वीडियो रिकॉर्डिंग होने के मामले में संबंधित वीक्षक की जवाबदेही भी तय होने की संभावना है. परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन ले जाना और परीक्षा कक्ष की वीडियो रिकॉर्डिंग करना प्रतिबंधित है. ऐसे में परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

फ्रिस्किंग के बावजूद परीक्षा कक्ष में पहुंचा मोबाइल

मामले में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आयी है कि फ्रिस्किंग के बावजूद संबंधित परीक्षार्थी मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष के अंदर ले जाने में सफल रही. इसके बाद उसने परीक्षा कक्ष का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया. परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन से जुड़े नियमों के उल्लंघन को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है.

9 सितंबर की परीक्षा का वीडियो हुआ वायरल

घटना 9 सितंबर 2026 को गोरेलाल मेहता महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र में दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान हुई. परीक्षा कक्ष संख्या-11 में स्नातक सेमेस्टर-4, सत्र 2024-28 की एक छात्रा ने मोबाइल फोन से परीक्षा कक्ष की वीडियो रिकॉर्डिंग की और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया. केंद्राधीक्षक के अनुसार देखते ही देखते वीडियो व्यापक रूप से वायरल हो गया. इससे परीक्षा केंद्र की प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा. मामले की पुष्टि होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना.

11 सितंबर को छात्रा के खिलाफ हुई कार्रवाई

मामले में आरोपित परीक्षार्थी की पहचान कर उसे परीक्षा केंद्र से निष्कासित कर दिया गया. केंद्राधीक्षक की ओर से 11 सितंबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि छात्रा को अगले दो शैक्षणिक सत्रों तक संबंधित परीक्षा केंद्र से निष्कासित किया गया है. इस अवधि में वह उक्त परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगी.

परीक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के संकेत

जीएलएम कॉलेज बनमनखी के प्रधानाचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. प्रमोद भारतीय ने बताया कि मामले में आरोपित परीक्षार्थी को चिह्नित कर निष्कासित कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि परीक्षा अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग या किसी भी प्रकार की वीडियो रिकॉर्डिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसे परीक्षा की गोपनीयता का उल्लंघन माना जाता है.

वीक्षक की भूमिका पर भी उठे सवाल

फ्रिस्किंग के बावजूद मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष तक पहुंचने और उससे वीडियो बनाए जाने के कारण संबंधित वीक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. परीक्षा नियमों के तहत परीक्षा कक्ष में अनुशासन और निर्धारित व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी वीक्षकों की भी होती है. ऐसे में मामले में वीक्षक की जवाबदेही तय होती है या नहीं, यह विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर निर्भर करेगा.

विश्वविद्यालय स्तर पर भी चर्चा में रहा मामला

शनिवार को यह मामला पूर्णिया विश्वविद्यालय सहित विभिन्न उच्च शैक्षणिक परिसरों में चर्चा का विषय बना रहा. परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन पहुंचने और वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की घटना ने परीक्षा केंद्रों की निगरानी और फ्रिस्किंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. अब निगाह इस बात पर है कि परीक्षा अधिनियम के तहत परीक्षार्थी के बाद परीक्षा कक्ष की निगरानी में शामिल कर्मियों के स्तर पर क्या कार्रवाई की जाती है.

Also Read: PHOTOS: AI ने बदल दिया बिहार के नेताओं का लुक, 80s के अंदाज में दिखे सम्राट, नीतीश, लालू, तेजस्वी और PK

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >