बनमनखी .विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बनमनखी मुख्यालय स्थित आदर्श सुमरित उच्च विद्यालय में बुधवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना था. विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेकानंद विवेक ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. छात्राओं ने अपनी हथेलियों पर रेड डॉट बनाकर समाज को मासिक धर्म के प्रति रूढ़िवादी सोच त्यागने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में स्थापित सखी सहायता डेस्क के माध्यम से नोडल शिक्षिका एच नूर ने छात्राओं की शंकाओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया.इको क्लब की नोडल शिक्षिका अंतिमा कुमारी ने कहा कि माहवारी कोई बीमारी या अशुद्धता नहीं, बल्कि एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है.उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं प्रमाणिक सैनिटरी नेपकिन के उपयोग की सलाह दी.इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका पूजा कुमारी, खुशबू रस्तोगी, नीतू कुमारी सहित विद्यालय परिवार की सक्रिय भूमिका रही.
माहवारी स्वच्छता पर छात्राओं को किया जागरूक
बनमनखी
