पूर्णिया : शहर के लाइन बाजार स्थित गैलेक्सी हॉस्पिटल में मंगलवार को एक महिला मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क जाम कर दी, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य कराने में जुट गई.
मृतका की पहचान कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नक्कीपुर निवासी शकुंतला देवी के रूप में हुई है. मृतका के पुत्र मिथिलेश कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी मां मंगलवार दोपहर स्वयं चलकर अस्पताल पहुंची थीं. उनके पैर में मधुमेह के कारण घाव था, जिसके इलाज के लिए उन्हें गैलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.
इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण महिला की मौत हो गई. उनका यह भी कहना है कि मौत के बाद उन्हें आईसीयू के अंदर जाने नहीं दिया गया और न ही समय पर शव सौंपा गया. इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर सड़क जाम कर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस
हंगामे और सड़क जाम की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया और यातायात बहाल कराया. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल मृतका के परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे हैं और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.
और यह भी पढ़ें : पूर्णिया के गुलाबबाग मंडी में मक्का की आवक घटी, जूट कारोबार भी रहा सुस्त
