मध्य विद्यालय पठानटोली में शुरू हुआ निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन बैंक, छात्राओं की स्वास्थ्य सुरक्षा की अनूठी पहल

पूर्णिया के अमौर प्रखंड के मध्य विद्यालय पठानटोली में छात्राओं के मासिक स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी पहल की गई है. प्रधानाध्यापक धीरज कुमार की ओर से शुरू किए गए इस निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन बैंक से छात्राओं को पूरे वर्ष सैनिटरी नैपकिन मिलेंगे.

अमौर (पूर्णिया) से सुनील कुमार की रिपोर्ट

पूर्णिया : अमौर प्रखंड के मध्य विद्यालय पठानटोली में छात्राओं के स्वास्थ्य और माहवारी स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन बैंक की स्थापना की गई है. प्रधानाध्यापक धीरज कुमार की पहल पर शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत विद्यालय की छात्राओं को पूरे वर्ष निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराया जाएगा.

माहवारी स्वच्छता पर छात्राओं को किया गया जागरूक

सैनिटरी नैपकिन बैंक के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नोडल शिक्षिका गोशिया परवीन ने छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने पीरियड्स के दौरान होने वाली शारीरिक समस्याओं, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और आवश्यक सावधानियों पर छात्राओं को जागरूक किया.

2023 से चल रहा था प्रयास

प्रधानाध्यापक धीरज कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2023 से इस पहल को साकार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे. इसके लिए उन्होंने क्षेत्र में घूम-घूमकर अभिभावकों और माताओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया. साथ ही विभिन्न अधिकारियों, समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों से सहयोग लेकर इस योजना को मूर्त रूप दिया.

12 महीने नैपकिन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दानदाताओं ने ली

विद्यालय में पूरे वर्ष सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई दानदाताओं ने सहयोग का जिम्मा लिया है. इनमें धीरज कुमार, मीमांशा रितु, अर्पणा कुमारी, पंकज कुमार गुप्ता, गुलाम समदानी, गुप्ता इंटरप्राइजेज अमौर, अर्चना कुमारी, असीम चक्रवर्ती, डॉ. राजकुमार, अनुद्दीन कुमार, डॉ. सद्दुद्दीन कुमार और मो. जाबीर शामिल हैं.

विद्यालय परिवार ने जताया आभार

विद्यालय शिक्षा समिति और विद्यालय परिवार ने इस पहल को छात्राओं के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में असताना बेगम, गोशिया परवीन, साजिया परवीन, मो. इमरान गालिब, मो. जाबीर अख्तर, अली असगर, मो. इजहार आलम सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >