कट्टा लहराने के वायरल वीडियो पर दो युवक गिरफ्तार, हथियार जब्त
डिपोटी पुरन्दाहा गांव में कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
धमदाहा से प्रतिनिधि की रिपोर्ट :
– धमदाहा थानाक्षेत्र अंतर्गत डिपोटी पुरन्दाहा का मामला
धमदाहा. पूर्णिया जिले के धमदाहा थानाक्षेत्र के डिपोटी पुरन्दाहा गांव में देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया. वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए धमदाहा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, हाल ही मेंएक युवक का देसी कट्टा लहराते हुए वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शनिवार देर शाम छापेमारी कर डिपोटी पुरन्दाहा निवासी राहुल कुमार 22, को उसके घर से गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान राहुल ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो उसी ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड किया था.
राहुल की निशानदेही पर राजकिशोर गिरफ्तार
राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने गांव के ही राजकिशोर पासवान 24 को भी गिरफ्तार कर लिया.तलाशी के दौरान उसके घर में रखे बक्से से एक देसी कट्टा बरामद किया गया. पुलिस ने हथियार को जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस संबंध में धमदाहा थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर की गई कार्रवाई में राहुल कुमार को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के क्रम में उसने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने की बात स्वीकार की है. उसकी निशानदेही पर दूसरे युवक राजकिशोर पासवान को उसके घर से देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मामले को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है.