Kanakai River Erosion : पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड की ज्ञानडोभ पंचायत स्थित सिमलबारी नगरा टोला में कनकई नदी के तेज कटाव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है. मंगलवार को जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कटावरोधी कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर युद्धस्तर पर सुरक्षा कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही ग्रामीणों से मानसून के दौरान नदी किनारे नहीं जाने की अपील की.
कटाव प्रभावित क्षेत्र का डीएम ने लिया जायजा
अमौर प्रखंड की ज्ञानडोभ पंचायत के सिमलबारी नगरा टोला में कनकई नदी का बढ़ता जलस्तर लगातार भू-कटाव का कारण बन रहा है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने कटाव की स्थिति का बारीकी से आकलन करते हुए जल संसाधन विभाग और कार्य एजेंसियों को सभी फ्लड फाइटिंग एवं सुरक्षा कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए.
संवेदनशील स्थानों पर बांस पाइलिंग में नहीं होगी ढिलाई
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि कटाव की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में बांस पाइलिंग और अन्य सुरक्षात्मक कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. जिन स्थानों पर अब तक बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ करने का निर्देश भी दिया गया.
24 घंटे होगी निगरानी, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान नदी कटाव प्रभावित क्षेत्रों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है. कटावरोधी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
स्थलीय निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने डीएम को कटाव की गंभीर स्थिति से अवगत कराया और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. निरीक्षण के समय एडीएमओ प्रणव कुमार, डीसीएलआर रौशन राज, एसडीएम अभिषेक रंजन, एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय, अंचल अधिकारी शमीना खातून, राजस्व अधिकारी कृष्णमोहन राय, जल संसाधन विभाग के अभियंता तथा जिला एवं प्रखंड प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
डीएम की अपील- नदी किनारे जाने से बचें
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने ग्रामीणों से मानसून के दौरान अनावश्यक रूप से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या कटाव की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
