बैसा (पूर्णिया). एक साइकिल दुकानदार का शव सड़क किनारे एक गड्ढे में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बैसा प्रखंड अंतर्गत बलुआ गोस्तरा पंचायत के मजगामा वार्ड-10 निवासी 52 वर्षीय मनोज राम उर्फ मखना, पिता रामजी राम के रूप में हुई है. मृतक के भाई बहादुर राम ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब आठ बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव चंदेल गांव स्थित चिमनी भट्ठा के समीप सड़क किनारे एक गड्ढे में मिला. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां शव पड़ा हुआ था और पास में साइकिल भी मिली. बहादुर राम के अनुसार मनोज राम लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें आंखों से भी कम दिखाई देता था. इसके बावजूद वह रोज की तरह काम करने निकलते थे. उन्होंने बताया कि मनोज राम गेड़ाबाड़ी क्षेत्र में साइकिल मरम्मत की दुकान चलाते थे और प्रतिदिन काम के बाद घर लौट आते थे, लेकिन रविवार की रात वे घर नहीं पहुंचे. मनोज राम घर में अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार किशनगंज में रहता है. जब देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो आसपास खोजबीन की गयी, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के भाई के बयान के आधार पर यूडी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
साइकिल दुकानदार का शव सड़क किनारे मिला, जांच में जुटी पुलिस
एक साइकिल दुकानदार का शव सड़क किनारे एक गड्ढे में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी.
