तैयारी को लेकर डीएम-एसपी ने संयुक्त रूप से कर्मियों को दिये निर्देश
पूर्णिया. सरकार के दिशा-निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जून माह के प्रथम मंगलवार यानि 2 जून को सभी 14 प्रखंडों के चिन्हित एक-एक पंचायतों में सहयोग शिविर के आयोजन किया जायेगा. इसको लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से आदेश जारी किया गया है. सहयोग शिविर के एक माह पूर्व संबंधित प्रखंडों के अधिकारियों एवं कर्मियों को पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में नियमित रूप से नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र प्राप्त करने का निर्देश जारी किया गया है.सहयोग शिविर के सुचारू एवं सफल संचालन को लेकर संबंधित पंचायत में नोडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है ताकि संबंधित पंचायतों के नागरिकों को सहयोग शिविर के मद्देनजर किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न नहीं हो.संबंधित पंचायतों के नागरिक अपनी-अपनी शिकायतें एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन अपने-अपने पंचायत सरकार भवन/पंचायत भवन में दे सकते हैं. आवेदन जामा करने की प्रक्रिया शुरू है.संबंधित पदाधिकारी को आदेशित किया गया है संबंधित पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में नागरिकों के शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन नियमित रूप से प्राप्त करें. प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सहयोग शिविर से पूर्व ही गुणवत्तापूर्ण करने का निर्देश दिया गया है ताकि सहयोग शिविर के दिन संबंधित नागरिकों के शिकायतों एवं समस्याओं पर की गई कार्रवाई से अवगत कराया जा सके.…………..
