रेणु रंगमंच संस्थान रंग-मंडल द्वारा नाट्य कार्यशाला का आयोजन
कार्यशाला में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों पर रहा फोकस
पूर्णिया. रेणु रंगमंच व रंग-मंडल द्वारा कसबा के विशनपुर स्थित मध्य विद्यालय में ‘प्रस्तुति परख’ नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य सूचित कुमार उर्फ पप्पू, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बिशनपुर के प्रधानाध्यापक अमित आनंद, निर्देशक अजीत कुमार सिंह उर्फ बप्पा तथा रंगकर्मी अदिति कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप जला कर कार्यशाला का उद्घाटन किया. कार्यशाला में स्कूली बच्चों को नाट्य विधा की बारीकियों से रू-ब-रू कराया गया और अभिनय के गुर सिखाए गये.
इस मौके पर प्रधानाचार्य सूचित कुमार ने कहा कि नाट्य कार्यशाला छात्र-छात्राओं के मानसिक, सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. रंगमंच बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की क्षमता, अनुशासन तथा रचनात्मक सोच का विकास करता है. उन्होंने कहा कि रेणु रंगमंच संस्थान रंग-मंडल अपना बहुमूल्य समय देकर बच्चों को प्रशिक्षण दे रहा है. इस लिहाज से कार्यशाला में बताए गए प्रत्येक बिंदु को सभी विद्यार्थियों को गंभीरता से सीखना चाहिए. संस्थान के निर्देशक अजीत कुमार सिंह बप्पा ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं. मध्य विद्यालय विशनपुर में लगातार सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है और इसी कड़ी में पुनः ‘प्रस्तुति परख’ नाट्य कार्यशाला आयोजित की गई है. उन्होंने कहा कि कला और रंगमंच के विकास के लिए संस्थान सदैव तत्पर रहेगा. कार्यशाला के दूसरे सत्र में नाट्य कला के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान उच्चारण, संवाद अभिनय, मूवमेंट, हाव-भाव एवं मंच प्रस्तुति की बारीकियों की जानकारी दी गई, रंगकर्मी अदिति कुमारी ने प्रशिक्षण सत्र में सक्रिय सहयोग किया. कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रंगमंच की बारीकियों को सीखने में गहरी रुचि दिखाई. इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने भी बच्चों को कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया. मौके पर वरीय शिक्षिका नविता नंदिनी, ममता कुमारी, अर्चना कुमारी, मुन्नी कुमारी, मो.रागिव रेजा, सुजीत श्रीवास्तव, मो. ईसार अनवर, मो. आरिफ हुसैन, मो. मेराज आलम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.