उथरी चौक पर ट्रैक्टर से कुचलकर बालक की मौत, उग्र भीड़ ने दो घंटे किया सड़क जाम

गुलाबबाग टीओपी क्षेत्र के गुंडा चौक-बीरपुर मुख्य मार्ग पर शांति पेट्रोल पंप उथरी चौक के समीप बुधवार को सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.

पूर्णिया पूर्व. गुलाबबाग टीओपी क्षेत्र के गुंडा चौक-बीरपुर मुख्य मार्ग पर शांति पेट्रोल पंप उथरी चौक के समीप बुधवार को सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर मुख्य सड़क को करीब दो घंटे तक जाम रखा, इससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा. मृतक बालक की पहचान वार्ड संख्या 46, कृष्णा नगर बेगमबाद निवासी मुकेश मल्लिक के 10 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शिवम कक्षा 3 का छात्र था. वह स्कूल से लौटने के बाद खाना खाकर अपनी साइकिल से उथरी बाजार की ओर घूमने निकला था. इसी दौरान गुंडा चौक की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही गुलाबबाग टीओपी प्रभारी सन्नी कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उग्र ग्रामीणों को समझाने में जिला पार्षद नीरज कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह और समाजसेवी गोविंद साह ने मदद की. जनप्रतिनिधियों और पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए, इसके बाद सड़क जाम हटाया गया और यातायात पुनः सुचारू हो सका. गुलाबबाग टीओपी प्रभारी सन्नी कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया है. दुर्घटना वाले वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे और क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है. इस घटना के बाद से पूरे कृष्णानगर क्षेत्र में शोक की लहर है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >