बोले- समाज के अंतिम पायदान के बच्चों के जीवन में लायेगा सकारात्मक बदलाव
बिहार के मुख्य सचिव और डीजीपी ने पूर्णिया लाइव क्लासेज का किया मुआयना
पूर्णिया. बिहार के मुख्य सचिव और डीजीपी ने डीएम कुंदन कुमार की पहल पर पूर्णिया जिला स्कूल के विज्ञान भवन से संचालित पूर्णिया लाइव क्लासेज की तारीफ की है. उन्होने जिला पदाधिकारी तथा उनकी टीम के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के अंतिम पायदान के बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला बताया है तथा इसे इसी तरह और आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया है. पिछले दिनों बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा तथा पुलिस महानिदेशक विनय कुमार पूर्णिया के दौरे पर थे. इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा मुख्य सचिव तथा डीजीपी को पूर्णिया लाइव क्लासेज का भ्रमण कराया गया. इस दौरान पूर्णिया लाइव क्लासेज के शिक्षकों की कंटेंट क्रिएशन टीम और पढ़ाने वाली शिक्षकों की टीम से मिल कर दोनों आला अधिकारी काफी प्रभावित हुए तथा यहां के सभी शिक्षकों एवं संबंधित पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया.मुख्य सचिव श्री मीणा ने जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के इस सार्थक पहल की प्रशंसा की.इससे पले डीएम ने पूर्णिया लाइव क्लासेज के कार्य प्रणाली तथा इसके समाज पर संभावित व्यापक असर के बारे में विस्तृत रूप से बताया. मुख्य सचिव तथा डीजीपी ने पूर्णिया लाइव क्लासेज के द्वारा मैट्रिक एवं इंटर की कोर्स की तैयारी, क्रैश कोर्स तथा रियल परिस्थितियों में होने मॉक टेस्ट की गहन जानकारी प्राप्त की. मुख्य सचिव इस पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और बेहतर तथा ज्यादा से ज्यादा छात्रों तक पहुंचाने का सुझाव दिया.तैयारी के लिए आवासीय केंद्र हो स्थापित
इसी क्रम में आइआइटी जेईई तथा नीट की तैयारियों के लिए चलाये जा रहे ऑनलाइन क्लासेज का भी भ्रमण किया गया. मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारी को आइआइटी जेईई तथा नीट की तैयारियों के लिए आवासीय केंद्र भी स्थापित करने के निर्देश दिये. उन्होने पूर्णिया लाइव क्लासेज को और आगे बढ़ाने का सुझाव देते हुए इसमें एनडीए एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न विषयों के ओलंपियाड की तैयारियां करवाने का भी सुझाव दिया गया.
अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने की जरूरत
मुख्य सचिव ने जिला पदाधिकारी को ऑनलाइन क्लासेज के शिक्षकों द्वारा अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षित करने का निर्देश दिया गया जिससे बेहतरीन शिक्षकों का बड़ा संसाधन तैयार होगा. उन्होने कंटेंट टीम द्वारा तैयार किये गये मैटीरियल को भी छात्रों तक आसानी से हर समय उपलब्ध कराने हेतु कार्य करने का सुझाव दिया.
अब महंगे कोचिंग में जाने की आवश्यकता नहीं
मुख्य सचिव ने कहा कि पूर्णिया लाइव क्लासेज से बच्चों को दूर जाकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी तथा आइआइटी जेईई तथा नीट में सफलता हेतु महंगे कोचिंग में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी. इससे बच्चे अपने घर पर रह कर मुफ्त शिक्षा का लाभ उठाकर अपने सपनो की ऊंची उड़ान भर सकेंगे. पुलिस महानिदेशक ने कहा कि जिला पदाधिकारी तथा उनकी टीम के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के अंतिम स्तर के बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला बताया गया तथा इसे इसी तरह और आगे बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित किया गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
