केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिल पप्पू यादव ने सौंपा ज्ञापन पूर्णिया. सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपकर पूर्णिया एवं सीमांचल क्षेत्र की शहरी विकास और आवासीय योजनाओं के लिए विशेष सहयोग की मांग की. उन्होंने कहा कि पूर्णिया की जनता लंबे समय से आधारभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही है और अब केंद्र सरकार को इस क्षेत्र के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र पूरे सीमांचल का वाणिज्यिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य केंद्र माना जाता है, लेकिन शहरी बुनियादी ढांचा आज भी काफी पिछड़ा है. तेजी से बढ़ती आबादी के बावजूद आवास, जल निकासी, सीवरेज और परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं हो पायी है. हर साल बाढ़ और जलजमाव की समस्या यहां के जीवन को अस्त-व्यस्त कर देती है और गंभीर स्वास्थ्य संकट भी खड़ा करती है. इस क्षेत्र को स्मार्ट सिटी मिशन और एएमआरयूटी योजनाओं से जोड़ना बेहद आवश्यक है. यदि पूर्णिया नगर निगम को विशेष पैकेज दिया जाए तो यह पूरे सीमांचल के लिए विकास का मॉडल बन सकता है. गरीब और प्रवासी मजदूर परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अधिक आवास स्वीकृत करना जरूरी है, ताकि उन्हें स्थायी छत मिल सके. पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया शहर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आधुनिक बस टर्मिनल और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की स्थापना होनी चाहिए. इसके अलावा बायसी, किशनगंज, धमदाहा और बनमनखी जैसे सीमावर्ती नगरों को भी विशेष शहरी विकास योजनाओं से जोड़ा जाना चाहिए, ताकि इन्हें क्षेत्रीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके.उन्होंने कहा कि यदि इन क्षेत्रों का व्यवस्थित शहरीकरण किया गया तो न केवल स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सीमावर्ती लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं भी मिलेंगी. इससे सीमांचल भारत-नेपाल-बांग्लादेश के बीच व्यापारिक गलियारे के रूप में उभरेगा और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना सकेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
