पूर्णिया. पूर्णिया शहर के कॉलेज रोड स्थित रेणु नगर गली नंबर तीन में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत पति ने अपनी शिक्षिका पत्नी की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. वहीं, मृतका के दो मासूम बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृतका की पहचान शालिनी कुमारी के रूप में हुई है. वह श्रीनगर प्रखंड के एक प्लस टू विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं. उनके पति राजकुमार मधुबनी स्थित एक कॉपरेटिव बैंक में कार्यरत बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शालिनी को आनन-फानन में राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पूर्णिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पति फरार, कारण स्पष्ट नहीं
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति राजकुमार मौके से फरार हो गया. पति द्वारा पत्नी को गोली मारने के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे क्या कारण था और घटना में किन परिस्थितियों में गोली चलाई गयी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
मधेपुरा मायका, अररिया में है ससुराल
मृतका शालिनी कुमारी का मायका मधेपुरा बताया गया है, जबकि उनका ससुराल अररिया जिले के विशनपुर, रानीगंज में है. वह पूर्णिया शहर के रेणु नगर स्थित किराए के मकान में रह रही थीं. घटना की सूचना मिलते ही उनके मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचने लगे.
मामा ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की
मृतका के मामा कुमार गौरीशंकर ने बताया कि उनकी भांजी रेणु नगर की गली नंबर तीन में किराए के मकान में रहती थी. घटना की सूचना मिलने के बाद वह जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि शालिनी के पति ने उन्हें गोली मार दी और वारदात के बाद फरार हो गया. उन्होंने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की.
सांसद प्रतिनिधि ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांसद प्रतिनिधि राजेश यादव भी जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उन्होंने घटना की विस्तृत जानकारी सांसद पप्पू यादव को फोन पर दी. घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
ALSO READ : पूर्णिया चेम्बर ऑफ कॉमर्स का चुनाव सम्पन्न, आदित्य केजरीवाल अध्यक्ष और पारस जेजानी महासचिव निर्वाचित
