बच्चा चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच को किया जाम

परीक्षार्थियों और श्रद्धालुओं को हुई भारी परेशानी

ढाई घंटे तक बाधित रहा आवागमन

बनमनखी. घर से एक बच्ची के लापता होने के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 107 को जाम कर प्रदर्शन किया. बनमनखी के विश्वकर्मा चौक नहर के समीप किये गये जाम के कारण करीब ढाई घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

जानकारी के अनुसार, बनमनखी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या चार, बेलगच्छी टोला निवासी सुनील कुमार शर्मा की पांच वर्षीय पुत्री लुसी 20 फरवरी की रात घर से लापता हो गयी. बताया गया कि रात करीब 10:30 बजे बच्ची की मां चारों बच्चों को सुलाकर पास में भोज खाने गयी थी. लगभग आधे घंटे बाद लौटने पर लुसी घर में नहीं मिली. काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई पता नहीं चल सका.

घटना के बाद 21 फरवरी को परिजनों द्वारा बनमनखी थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची बरामद नहीं होने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. सोमवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. सड़क जाम के कारण मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थियों और संतमत सत्संग महाधिवेशन में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे.

बेटी बरामद होने तक नहीं बैठेंगे शांत

बच्ची के पिता ने बताया कि वह असम में मजदूरी करने गये थे. सूचना मिलने के बाद रविवार को घर पहुंचे. उन्होंने कहा कि पुलिस को आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. जब तक उनकी बच्ची बरामद नहीं होगी, वे शांत नहीं बैठेंगे. वहीं ग्रामीण जय कुमार शर्मा समेत अन्य लोगों का कहना था कि रविवार शाम स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध महिला को बच्चा चोर समझकर पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया. इस कारण लोगों में और आक्रोश बढ़ गया.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही बनमनखी थाना अध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. बाद में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की पहल पर ग्रामीणों ने पुलिस को पांच से छह दिनों का समय देते हुए जाम समाप्त किया. इसके बाद यातायात बहाल हो सका. थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि जिस महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर बताकर पुलिस के हवाले किया था, वह विक्षिप्त है और फिलहाल उसे थाने में ही रखा गया है. ग्रामीणों द्वारा उसे छोड़ने का आरोप गलत है. पुलिस लापता बच्ची की बरामदगी के लिए लगातार जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >