फोटो- नाव से आवागमन करते लोग  | Prabhat Khabar Network

आसियानी घाट पर पुल टूटने से आवागमन संकट, छोटी नाव के सहारे नदी पार कर रहे ग्रामीण

आसियानी घाट पर पुल टूटने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है. प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई छोटी नावों के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे मरीजों और बच्चों को खास दिक्कतें आ रही हैं. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बड़ी नाव की व्यवस्था करने की मांग की है.

अमौर (पूर्णिया). प्रखंड की तियारपारा पंचायत के आसियानी घाट पर पुल टूट जाने के बाद पूरे इलाके में आवागमन का संकट गहरा गया है. पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन की ओर से आवाजाही बहाल रखने के लिए सरकारी नाव का परिचालन शुरू किया गया है. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की ओर से उपलब्ध करायी गयी नाव काफी छोटी है. इस पर एक बार में महज चार से पांच लोग ही सवार हो पाते हैं. ऐसे में नदी पार करने वालों की लंबी कतार लग रही है और लोगों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है.

छोटी नाव के कारण घंटों इंतजार

ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र की आबादी और रोजाना होने वाली आवाजाही को देखते हुए मौजूदा छोटी नाव पर्याप्त नहीं है. सीमित क्षमता के कारण एक बार में कम लोगों के नदी पार करने से घाट पर यात्रियों की भीड़ जमा हो जाती है. लोगों को अपनी बारी के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है.

मरीजों, महिलाओं और बच्चों की बढ़ी परेशानी

पुल टूटने के बाद नदी पार करना सबसे अधिक मुश्किल आपातकालीन स्थिति में हो रहा है. मरीजों को इलाज के लिए ले जाने वाले परिजनों के साथ महिलाओं और बच्चों को भी नाव का इंतजार करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी स्थिति में छोटी नाव पर निर्भर रहना परेशानी के साथ जोखिम भी बढ़ा रहा है.

बड़ी नाव उपलब्ध कराने की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और अंचल प्रशासन से तत्काल बड़ी नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नया पुल बनकर तैयार नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षित और पर्याप्त क्षमता वाली नावों का नियमित परिचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. इससे लोगों को लंबे इंतजार से राहत मिलेगी और नदी पार करने में सुविधा होगी.

निर्माणाधीन हाईलेवल ब्रिज का काम तेज करने का निर्देश

इधर, आसियानी घाट पर नए हाईलेवल ब्रिज के निर्माण से संबंधित कार्य भी चल रहा है. स्थल निरीक्षण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के साथ निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है. आरडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ कालेश्वर प्रसाद ने बताया कि निर्माणाधीन पुल के कार्य में तेजी लाने के लिए संबंधित संवेदक को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

क्षतिग्रस्त पुल के दोनों तरफ ईंट से रास्ता बंद

पुल टूटने के बाद किसी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए क्षतिग्रस्त पुल के दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया गया है. आरडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ कालेश्वर प्रसाद ने बताया कि एहतियात के तौर पर पुल के दोनों तरफ ईंट लगाकर रास्ता बंद किया गया है, ताकि कोई व्यक्ति क्षतिग्रस्त हिस्से से होकर गुजरने की कोशिश न करे.

पुल बनने तक सुरक्षित आवागमन की चुनौती

आसियानी घाट पर पुल टूटने के बाद फिलहाल नाव ही ग्रामीणों के लिए नदी पार करने का मुख्य साधन बनी हुई है. ऐसे में ग्रामीण बड़ी और पर्याप्त क्षमता वाली नाव उपलब्ध कराने के साथ निर्माणाधीन हाईलेवल ब्रिज का काम जल्द पूरा कराने की मांग कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने तक सुरक्षित और सुचारू आवागमन के लिए प्रशासन को स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >