बीकोठी, पूर्णिया से अरविंद कुमार जायसवाल की रिपोर्ट:
Agniveer Selection Bihar: बीकोठी प्रखंड की औराही पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 06 गुलेल्लाभिता गांव के दो सगे भाइयों ने एक साथ अग्निवीर भर्ती में सफलता हासिल कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है. दोनों भाइयों के चयन की खबर मिलते ही पूरे गांव में खुशी का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार गुलेल्लाभिता निवासी जयराम मंडल के पुत्र मनोरंजन कुमार और छोटे पुत्र मंजीत कुमार का चयन अग्निवीर के लिए हुआ है. एक ही परिवार के दो भाइयों के एक साथ सेना में चयनित होने पर ग्रामीणों ने इसे गर्व का क्षण बताया.
सम्मान के साथ ट्रेनिंग के लिए किया गया रवाना
दोनों युवाओं को ट्रेनिंग के लिए रवाना होने से पहले गांव में सम्मानित किया गया. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
चयनित अभ्यर्थी मंजीत कुमार को प्रशिक्षण के लिए सिकंदराबाद भेजा गया है, जबकि मनोरंजन कुमार को आर्मी मेडिकल कॉलेज, लखनऊ के लिए रवाना किया गया.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
ग्रामीणों ने कहा कि दोनों भाइयों की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है. इससे गांव के अन्य युवाओं में भी सेना में भर्ती होने का उत्साह बढ़ेगा.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण
इस अवसर पर समाजसेवी सागर कुमार राम, पंचायत समिति सदस्य मुक्तानंद मुक्त, सरपंच कृष्णदेव पासवान, शिक्षक संजय मंडल, बिजल मंडल, सुमरित ठाकुर, तीरथ ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, मुकेश कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ALSO READ: सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर वीडियो बनाना पड़ा महंगा, युवक गिरफ्तार
