इस साल कटिहार के लॉ कॉलेज में भी नामांकन शुरू होना तय, फिर आयेगी अररिया की बारी

फिर आयेगी अररिया की बारी

पूर्णिया. कटिहार के लॉ कॉलेज में इस साल नामांकन शुरू होना तय है. कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह के मार्गदर्शन बीसीआई से तकनीकी मान्यता के निराकरण में पूर्णिया विवि तत्परता से जुटा है. साथ ही कॉलेज को भी इस दिशा में पूर्ण रूप से तैयार रहने भी कहा गया है. दरअसल, पूर्णिया विवि अंतर्गत विधि संकाय शून्य सत्र में चला गया था. जनवरी 2026 में पदभार ग्रहण करने के बाद कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह ने विधि संकाय की पढ़ाई प्रारंभ कराने को पहली चुनौती के रूप में लिया. इसी के परिणामस्वरूप पिछले साल पूर्णिया के बीएमटी लॉ कॉलेज में एलएलबी और बीए एलएलबी की पढ़ाई दोबारा से शुरू हो पायी. अब कटिहार के एसडीएस लॉ कॉलेज पर विवि ने फोकस कर दिया है. विद्वत परिषद से लेकर सीनेट तक की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार, अब कॉलेज इंस्पेक्टर के स्तर से फाइल को कुलसचिव को भेजा जायेगा. इसके बाद कुलसचिव के स्तर से इस आशय का आदेश पत्र जारी किया जायेगा. इस संबंध में विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कटिहार के लॉ कॉलेज में नामांकन को लेकर सीनेट ने भी अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. विवि प्रशासन के मार्गदर्शन में जल्द ही आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जायेगी. फिर अररिया के लॉ कॉलेज की आयेगी बारी कटिहार के लॉ कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कराये जाने के बाद संभावना है कि विवि प्रशासन अररिया के लॉ कॉलेज की ओर रूख करेगा. अररिया के लॉ कॉलेज से कहा जायेगा कि वह बीसीआइ की गाइडलाइन के अनुरूप खुद को तैयार करे. इस दिशा में विवि प्रशासन की ओर से भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जायेगा. युवाओं में लॉ की पढ़ाई का क्रेज वर्तमान में कोसी-सीमांचल के युवाओं में लॉ की पढ़ाई का क्रेज बढ़ गया है. क्लैट जैसी प्रतियोगिताओं में भी यहां के युवा चयनित हो रहे हैं. अभी हाइकोर्ट के बेंच की मांग भी पूर्णिया में काफी मुखर है. ऐसे में यहां से भी लॉ करने के बाद युवाओं को बड़े अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Bhaskar

Abhishek Bhaskar is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >