फाइलेरिया उन्मूलन को 11 फरवरी को मेगा ड्राइव पर प्रशासन का फोकस

अमौर

प्रतिनिधि, अमौर. प्रखंड विकास पदाधिकारी राजा राम पंडित की अध्यक्षता में बीडीओ कक्ष में ब्लॉक कोऑर्डिनेशन कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन अभियान को सफल बनाना और क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त करने के लिए रणनीति तैयार करना रहा.बैठक के दौरान फाइलेरिया उन्मूलन में एमडीए राउंड की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. बीडीओ ने बताया कि फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जिसे केवल नियमित दवा सेवन और सामुदायिक सतर्कता से ही जड़ से मिटाया जा सकता है. इसमें समुदाय के प्रत्येक पात्र व्यक्ति द्वारा एल्बेंडाजोल, डीईसी एवं आइवरमेक्टिन दवाओं का सेवन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.अधिकारियों ने जोर दिया कि दवा का सेवन स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में ही किया जाना चाहिए ताकि अभियान की प्रामाणिकता और सुरक्षा बनी रहे. उन्होंने बताया कि आगामी 11 फरवरी को पूरे प्रखंड में एक मेगा ड्राइव का आयोजन किया जाएगा.इस विशेष अभियान की सफलता के लिए जीविका दीदियों को सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माना गया है. जीविका एवं आशा घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया के खतरों और दवा के फायदों के बारे में जागरूक करेंगी. वे सुनिश्चित करेंगी कि उनके समूह और आसपास के परिवारों में कोई भी व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे. दवाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर करने में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी. बैठक में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस और पंचायती राज संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया. बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि जनभागीदारी को सुदृढ़ किया जा सके और कोई भी घर छूटने न पाए. मौके पर प्रभारी चिकित्सक पदाधिकारी डॉ एहतमामुल हक, बीसीएम मुकेश कुमार, बीपीएम मुकुंद कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >