डेढ़ लाख के असली नोट लेकर थमाया साबुन की टिकिया और कागज का बंडल केनगर. सउदी अरब की करंसी रियाल को भारतीय रुपयों में सस्ते दाम पर बदलने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी एक फेरीवाले को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फिरदौस (32 वर्ष), पिता अब्दुल लतीफ, निवासी सराय धज्जा, सिकंदराबाद, बुलंदशहर (यू.पी.) के रूप में हुई है. आरोपी पिछले दो-तीन महीनों से लाइन बाजार में किराये के मकान में रहकर साइकिल से कपड़ा बेचने की आड़ में लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था. पीड़ित इस्माइल आलम, पिता इसराफिल अंसारी (निवासी डकैता, थाना मीरगंज), जो मीरगंज चौक पर ””साजन मेडिकल हॉल”” चलाते हैं, बताया कि 2 फरवरी को काझा चौक स्थित एक चाय की दुकान पर उनकी मुलाकात फिरदौस से हुई. फिरदौस ने उन्हें झांसा दिया कि उसके पास सउदी अरब के रियाल हैं, जिन्हें वह कम कीमत पर बेचना चाहता है. दोनों के बीच सौदा तय हुआ कि 1.5 लाख भारतीय रुपयों के बदले वह सवा छह लाख रुपये मूल्य के सउदी रियाल देगा. 10 फरवरी को काझा चौक पर इस्माइल ने फिरदौस को भारतीय रुपया डेढ़ लाख रुपये सौंपे. इसके बदले में फिरदौस ने एक कागज का बंडल थमाते हुए कहा, इसमें रियाल है जिसका भारतीय मूल्य सारे 6 लाख रुपया होता है. इसे लेकर जल्दी यहां से निकलिए. पीड़ित ने डर के कारण वहां बंडल नहीं खोला, लेकिन घर जाकर देखा तो उसमें सउदी रियाल की जगह साबुन की टिकिया और सादे कागजों का बडंल भरा हुआ था. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने खोजबीन शुरू की. 13 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी मीरगंज के एक गांव में छिपा है. पीड़ित ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उसे पकड़ लिया और मीरगंज थाना ले गए. चूंकि घटना का स्थल केनगर थाना क्षेत्र का काझा चौक था, इसलिए मामला केनगर पुलिस को सौंप दिया गया. केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि इस संबंध में कांड संख्या 46/2026 दर्ज कर लिया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी फिरदौस ने स्वीकार किया कि वह गिरोह बनाकर काम करता है. उसने बताया कि उसका सहयोगी ””नानू”” ठग की पूरी रकम लेकर फरार हो गया है. पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
करंसी बदलने का झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह का भंडाफोड़, गिरफ्तार
डेढ़ लाख के असली नोट लेकर थमाया साबुन की टिकिया और कागज का बंडल
