भीषण अगलगी में 16 घर जले, लाखों का नुकसान

बरबट्टा पंचायत के वार्ड सात में हादसा

अमौर. अमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरबट्टा पंचायत के वार्ड संख्या 07 में रविवार देर रात भीषण अगलगी ने भारी तबाही मचायी. इस भीषण अग्निकांड में कुल 16 परिवारों के घर जल गये. घटना में करीब 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है. वहीं कई मवेशियों की भी झुलसने से मौत हो गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात लगभग 11:30 बजे स्थानीय निवासी मोहम्मद जहीर के घर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और लपटों ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. गहरी नींद में सोये ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कई लोगों ने अपने घरों को बचाने के लिए खुद ही उन्हें तोड़कर गिरा दिया ताकि आग आगे न फैले. इसके बाद सूचना अग्निशामक को दी गयी. घटना की सूचना मिलते ही अमौर थाना से अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा. दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक 16 परिवारों का सब कुछ जल चुका था. हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चला है.

शॉर्ट-सर्किट की वजह से हादसे की आशंका

आशंका जतायी जा रही है कि यह हादसा बिजली के शॉर्ट-सर्किट की वजह से हुआ है. इस त्रासदी में पीड़ितों के पास अब शरीर पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है. इसमें अनाज, बर्तन, वस्त्र, कीमती फर्नीचर और एक बाइक, महिलाओं के सोने-चांदी के जेवर भी आग की भेंट चढ़ गये.घर में बंधे कई मवेशी आग की चपेट में आकर मारे गये. इस घटना में मो मोहीब, मो मनोवर, मो तसब्बर, मो जहीर, मो राहुल, मो महोबत, मो बाबुल, मो जुबेर, मो मोबीन, मो मोबीद, मो ताजीम, मो अजीम, मसोमात अमना, मसोमात नजमति, मो बेचन और मो दबीर के घर जले हैं .मुखिया अजहर आलम, पंचायत समिति सदस्य नियाज़ आलम एवं सरपंच अतिकुर रहमान ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को ढांढ़स बंधाया. उन्होंने अमौर अंचल प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को अविलंब तिरपाल और भोजन जैसी तत्काल राहत उपलब्ध करायी जाये. क्षति का सही आकलन कर आपदा अनुदान के तहत उचित मुआवजा दिया जाये. बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की जाये. वर्तमान में सभी पीड़ित परिवार खुले में रहने को विवश हैं और सरकारी मदद की आस लगाये बैठे हैं. अंचलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार और राजस्व अधिकारी कृष्ण मोहन राय भी मौके पर पहुंचे. घटना की मुआयना किया और पीड़ित परिवार के बीच प्लास्टिक शीट का वितरण किया. इसके साथ ही सरकारी अनुदान देने की बात कही.

दो परिवारों का घर समेत सारा सामान जला

बड़हरा कोठी. प्रखंड अंतर्गत वासुदेवपुर पंचायत के वार्ड 11 वासुदेवपुर में खाना बनाने के दौरान लगी आग में दो परिवारों का घर समेत सारा सामान व एक लाख तीस हजार रुपये नकद जल गया. अगलगी की घटना में पीड़ित मो फारुख के घर में रखा एक लाख रुपये नकद, कपड़ा, फर्नीचर, कागजात, जेवरात समेत सारा सामान व मो मुख्तार के घर रखा तीस हजार रुपये नकद तथा अनाज, कपड़ा, फर्नीचर समेत घर में रखा सारा सामान जल गया. मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार पूर्वाह्न वासुदेवपुर गांव निवासी मो फारुख पिता अनाउद्दीन के घर में खाना बनाने के दौरान लगी आग भयावह हो गयी. ग्रामीण आग बुझाने में जुटे, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण करते हुए पड़ोसी मो मुख्तार पिता सलाउद्दीन के घर को भी अपने आगोश में ले लिया. आग की भयावहता को देख ग्रामीणों ने दमकल कार्यालय धमदाहा को सूचना दी. सूचना के बाद धमदाहा से पहुंचे दमकल कर्मियों व ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया.

पांच अगलगी पीड़ितों को 12-12 हजार रुपये का मिला चेक

बनमनखी. बनमनखी अंचल क्षेत्र में 22 फरवरी को जानकीनगर थाना क्षेत्र के नौलखी पंचायत, वार्ड संख्या 10 में हुए भीषण अग्निकांड की घटना से प्रभावित पांच परिवारों को सोमवार को प्रशासन की ओर से राहत सहायता प्रदान की गयी. अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंचल अधिकारी अजय कुमार रंजन ने सभी पीड़ित परिवारों को 12-12 हजार रुपये का चेक वितरित किया. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की आपदा प्रबंधन योजना के तहत अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है, ताकि वे आपदा के बाद पुनः सामान्य जीवन की ओर लौट सकें. उन्होंने कहा कि अग्निकांड की घटना के 24 घंटे के अंदर ही पीड़ित परिवारों को प्लास्टिक शीट व आर्थिक सहायता राशि का चेक उपलब्ध करा दिया गया. इस भीषण अगलगी में सुरेंद्र यादव, पप्पू यादव, बबलू कुमार, संतोष यादव एवं पूनम देवी के घर पूरी तरह जलकर राख हो गये थे. सभी प्रभावित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सहायता राशि प्रदान की गई.चेक वितरण के दौरान अंचल नाजिर अमन कुमार सहित अंचल कार्यालय के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANIMESH KUMAR

ANIMESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >