पूर्णिया : आखिरकार पूर्णिया पर मौसम मेहरबान हो गया. आसमान में बादल मंडराए, पुरवैया चली और बारिश भी शुरू हो गयी. मौसमविदों की मानें तो जिले के लोगों को अब गर्मी से निजात मिलने के आसार बन गये हैं. पूर्णिया समेत पूरे सीमांचल में बादलों का डेरा रहने की संभावना है.
अगले 48 घंटे तक बारिश की गुंजाइश बनी बतायी गयी है. गुरुवार की दोपहर मौसम का अधिकतम तापमान 32 एवं न्यूनतम तापमान 26 डिसे. था जबकि शाम तक अधिकतम 30 और न्यूनतम 25 डिसे. पर स्थिर हो गया.
दरअसल, करीब बीस-पच्चीस दिनों से यहां के लोग भीषण गर्मी से बेहाल थे और बारिश का इंतजार कर रहे थे. वैसे, कई-कई बार आसमान में बादल तो आये पर सिस्टम ही नहीं बन सका जिससे बारिश की आस बनी की बनी रह गयी. बारिश ने बीते मंगलवार को थोड़ी राहत दी तो गर्मी से छुटकारा मिला.
मंगलवार की रात से रिमझिम बारिश लगातार हो रही है. बुधवार को भी बारिश के कारण मौसम कुल-कुल रहा जबकि इसका असर गुरुवार को भी रहा. वैसे गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादलों के बवंडर बने हुए थे. हालांकि बीच में धूप भी खुली पर वह टिकी नहीं. दिन पर कहीं रिमझिम तो कहीं रुक-रुक कर बारिश होती रही.
बारिश के कारण सड़कों की आवाजाही पर असर पड़ा पर चहल-पहल कम नहीं हुई. उधर, बाजारों में आये लोगों ने इस बारिश का लुत्फ उठाया. कोर्ट-कचहरी जाने वालों को थोड़ी परेशानी हुई. इधर, मौसम विभाग की मानें तो पूर्णियावासियों को अगले 48 घंटे तक गर्मी से छुट्टी रहेगी. इस दौरान लगातार बारिश का सिस्टम बना हुआ है. कहीं झमाझम तो कहीं रिमझिम और कहीं रुक-रुक कर बारिश हो सकती है.
