Crime News: (मैनुद्दीन शाह) उत्तर प्रदेश के चंदौली में 26 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दहशत फैलाने वाला साइको किलर गुरप्रीत सिंह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया. आरोपी पर बिहार के गया निवासी एक यात्री और कैमूर की महिला समेत तीन लोगों की हत्या का आरोप था.
चंदौली एसपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी को पुलिस क्राइम सीन रीक्रिएट कराने के लिए लेकर गई थी. इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें गुरप्रीत गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
तीनों हत्याओं का तरीका था एक जैसा
पुलिस के मुताबिक 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह ने तीनों वारदातों को एक ही तरीके से अंजाम दिया था. वह लोगों की कनपटी पर गोली मारता था ताकि बचने का मौका न मिले. पहली हत्या उसने 10 मई की सुबह चंदौली में ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में की थी. दूसरी वारदात उसी रात कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई, जहां बिहार के गया जिले के रहने वाले दिनेश शाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
तीसरी हत्या सोमवार सुबह चंदौली के एक निजी अस्पताल में हुई. यहां आरोपी ने बिहार के कैमूर जिले की रहने वाली महिला की कनपटी पर गोली मार दी. घटना के बाद भागने की कोशिश में लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
पूर्व सैनिक था आरोपी
जांच में सामने आया कि गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था और सेना का पूर्व जवान था. उसने वर्ष 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी. पुलिस के अनुसार नौकरी छोड़ने के बाद वह शराब का आदी हो गया था और मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था. कुछ दिन पहले वह बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई.
आरोपी के पास मिले हथियार
पुलिस ने आरोपी के पास से रिवॉल्वर, कारतूस और कटी हुई डबल बैरल गन बरामद की है. एक हथियार का लाइसेंस मिला, जबकि दूसरे हथियार के दस्तावेज नहीं मिले हैं. पुलिस का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और लोकेशन हिस्ट्री से तीनों हत्याओं में गुरप्रीत की संलिप्तता की पुष्टि हो चुकी है. मामले की आगे की जांच जारी है.
