सहरसा. शुक्रवार की शाम स्थानीय मंडल कारा से सदर अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक बंदी की शनिवार की दोपहर मौत हो गयी. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सदर अस्पताल पहुंचकर सोनवर्षाराज पुलिस पर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर देने का गंभीर आरोप लगाया है. साथ ही ग्रामीण चंदन कुमार पासवान के साथ सदर अस्पताल के कैदी वार्ड पहुंची कैदी आकाश कुमार विश्वास की मां शिखा देवी ने कहा कि उनका बेटा मात्र 17 वर्ष का था. उसके साथ पुलिस ने बुरी तरह से पिटाई की है. उसके पिता सोनी विश्वास सोनवर्षाराज स्थित एक डीपो पर कार्य करते हैं.
जब तक बच्चे के पास पहुंची वह मर चुका था: मृतक की मां
परिवार में किसी के पास फोन नहीं रहने के कारण सूचना देर से प्राप्त हुई, लेकिन जब तक अपने बच्चे के पास पहुंची तो मेरा बच्चा मर चुका था. पुलिस ने उसे अंदरूनी मार मारकर मार डाला. वहीं मंडल कारा से पहुंचे पुलिस अधिकारी सहायक अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि कैदी को जेल लाया गया. लेकिन शुक्रवार की शाम उसकी तबियत खराब होने पर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गयी.
क्या था पूरा मामला?
बंदी आकाश विश्वास को गुरुवार की देर शाम सोनवर्षा पुलिस गश्ती टीम द्वारा शराब बनाते हुए पकड़ा गया था. जिसे गुरुवार को ही न्यायिक अभिरक्षा में स्थानीय मंडल कारा भेज दिया गया था. जहां परिजन के द्वारा कहा गया कि पुलिस ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की. जिससे युवक के शरीर के अंदर गंभीर चोट लगी थी. जिससे वह बीमार पड़ गया. फिर उसकी मौत हो गयी. इससे पूर्व उनके बेटे को कोई बीमारी भी नहीं थी. वहीं घटना के बाद सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी सहित पुलिस बल सदर अस्पताल पहुंचकर मामले में गंभीरता से जांच में लग गये. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एक मजिस्ट्रेट की बहाली करने के इंतजार में पुलिस पदाधिकारी देर शाम तक सदर अस्पताल में बने रहे.
इसे भी पढ़ें: पटना-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन को लेकर आई बड़ी जानकारी, इस दिन से शुरू होगा परिचालन
