Prashant Kishor Annoncement: प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट जीतने के बाद अब जनता से किए गए वादों को पूरा करने में जुट गए हैं. पिछले कुछ दिनों से वह अपने विधानसभा क्षेत्र में काफी एक्टिव दिख रहे हैं. इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात करने के साथ-साथ मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने 4 ऐलान करने के अलावा मौजूदा सरकार पर तंज भी कसा.
प्रशांत किशोर ने किए ये 4 ऐलान
- 10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने की कोशिश
प्रशांत किशोर ने 10 हजार युवाओं को प्राइवेट नौकरी दिलाने की बात कही है. उन्होंने युवाओं से कहा है कि वे अपना अपडेटेड सीवी और बायोडेटा उनके ऑफिस में जमा कर दें. पीके ने कहा कि उनका लक्ष्य अगले एक से दो सालों में कम से कम 10 हजार बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का है. उन्होंने कहा था कि देशभर में अपने संपर्कों के जरिये युवाओं को बड़ी कंपनियों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी. लेकिन इसके लिए युवाओं को शुरुआत में बिहार से बाहर भी जाना पड़ सकता है.
- बच्चों को प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने की करेंगे व्यवस्था
प्रशांत किशोर ने कहा, बिहार में शिक्षा व्यवस्था सुधारे बिना बच्चों का भविष्य नहीं बदलेगा. बांकीपुर में करीब 70 प्रतिशत परिवार अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाते हैं. ऐसे में सवाल सिर्फ फीस का नहीं, हजारों परिवारों की आर्थिक चिंता का है. बढ़ती फीस की वजह से हर माता-पिता अपने बच्चे को अच्छे स्कूल में नहीं पढ़ा पाते हैं. पीके ने कहा, मार्च 2027 तक प्राइवेट स्कूल संचालकों से बातचीत कर ऐसी व्यवस्था बनाने की कोशिश होगी, जिससे फीस कम हो सके.
बिहार की अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
- राशन कार्ड की व्यवस्था 3 महीने में सुधारने की कोशिश
प्रशांत किशोर ने राशन कार्ड और लोगों को मिलने वाले अनाज को लेकर भी दावा किया है. प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर उन्हें तीन महीने का समय दिया गया तो कोई राशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिश्वत नहीं ले सकेगा. उन्होंने यह भी कहा था, मुफ्त अनाज वितरण में करीब 30 प्रतिशत की चोरी हो रही है और इसका हिस्सा विधायक, सांसद और अधिकारियों तक पहुंचता है.
पीके के मुताबिक, सरकार 5 किलो मुफ्त अनाज देने का दावा करती है, लेकिन गरीबों के हाथ में सिर्फ 4 किलो ही पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि अगले 3 महीने में व्यवस्था बदलने की कोशिश होगी और गरीबों को उनके हिस्से का पूरा 5 किलो अनाज हर हाल में मिलेगा.
- 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों को 1100 रुपये पेंशन दिलायेंगे
बुजुर्गों को लेकर भी प्रशांत किशोर ने दावा किया. उन्होंने कहा जिन भी बुजुर्गों को 1100 रुपये की पेंशन नहीं मिल रही है, वे उनके ऑफिस में जाकर आवेदन कर सकते हैं. इसके बाद वह उन्हें 1100 रुपये पेंशन दिलाने की व्यवस्था करेंगे.
बीजेपी की तरफ से घिरे पीके
इस तरह से प्रशांत किशोर के 4 ऐलान को लेकर बिहार की सियासत में भी चर्चा तेज हो गई है. खासकर युवाओं को नौकरी देने को लेकर बीजेपी उन्हें घेर रही है. बीजेपी का कहना है कि बिहार से पलायन रोकने की बात करने वाले पीके खुद ही बच्चों को बाहर भेज रहे हैं. लेकिन इसे लेकर प्रशांत किशोर की तरफ से भी पलटवार किया गया है. साथ ही उन्होंने छात्र आंदोलनों को लेकर भी तंज कसा.
