बेटे को सब-इंस्पेक्टर बनाने के लिए किसान ने बेची जमीन, 13 लाख की ठगी, आरोपी दरोगा गिरफ्तार

Bihar News: बेतिया में दरोगा बहाली के नाम पर एक किसान से 13 लाख की ठगी का मामला सामने आया है. बेटे को नौकरी दिलाने के लिए किसान ने जमीन तक बेच दी, लेकिन फिजिकल टेस्ट में असफलता के बाद सारा खेल उजागर हो गया. आरोपी दरोगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

Bihar News: बिहार के बेतिया (पश्चिम चंपारण) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ईमानदार किसान को बेटे की दरोगा बहाली में मदद के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ा. मामला चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय के संज्ञान में आने के बाद तूल पकड़ गया. डीआईजी के निर्देश पर साठी पुलिस ने पटना में पदस्थापित एक दरोगा देव मोहन सिंह को गिरफ्तार किया है.

कैसे हुआ फर्जीवाड़ा?

मामले की शुरुआत 11 मई 2024 को हुई, जब बेतिया के भेड़िहरवा गांव निवासी रघुनाथ पंडित बस स्टैंड स्थित एक दुकान पर अपने परिचित से मिलने गए थे. वहीं उनकी मुलाकात बेतिया यातायात थाना में कार्यरत दरोगा देव मोहन सिंह से हुई. बातचीत के दौरान रघुनाथ ने दरोगा को बताया कि उनका बेटा जितेंद्र दरोगा भर्ती की पीटी और मेंस परीक्षा पास कर चुका है. इस पर देव मोहन सिंह ने खुद को “ऊपर तक” की पहुंच वाला बताते हुए फिजिकल टेस्ट में पास कराने का आश्वासन दिया.

13 लाख की ठगी

रघुनाथ पंडित ने देव मोहन सिंह पर भरोसा करते हुए 2 लाख नकद और 2.50 लाख पे-फोन के जरिये कुल 4.50 लाख रुपए दिए. वहीं दरोगा के सहयोगी राहुल यादव को भी 3.85 लाख नकद और 4.64 लाख पे-फोन से कुल 8.49 लाख रुपए दिए गए. कुल मिलाकर 13 लाख रुपए खर्च कर दिए गए, जो रघुनाथ ने अपनी जमीन बेचकर जुटाए थे.

जब बेटा फेल हुआ, खुली पोल

लेकिन जितेंद्र जब फिजिकल टेस्ट में फेल हो गया, तब रघुनाथ ने पैसे वापस मांगे. इसके बाद दरोगा ने फोन उठाना बंद कर दिया और इस बीच उसका ट्रांसफर पटना हो गया. ठगी का एहसास होने पर रघुनाथ ने पुलिस से शिकायत की.

कार्रवाई में तेजी

साक्ष्यों के आधार पर साठी पुलिस ने देव मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सहयोगी राहुल यादव की भूमिका की जांच की जा रही है. इस मामले ने बहाली प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Also Read: बिहार में अब तालाब-पोखर वाले कमाएं लाखों रुपए, बैंक्वेट हॉल से बोटिंग तक… सरकार करेगी पूरी व्यवस्था

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >