Patna Crime News : मसौढ़ी (पटना) से पुनपुन बाजार में मोबाइल छीनकर भाग रहे एक युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से छीना गया मोबाइल भी बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी प्रेम पासवान के पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है.
मोबाइल छीनकर भागने की पुलिस को मिली सूचना
थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पुनपुन बाजार में एक युवक से मोबाइल छीनकर एक बदमाश भाग गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपित की तलाश में पकड़ी गांव में छापेमारी की.
छापेमारी में छीने गए मोबाइल के साथ पकड़ा गया
पुलिस टीम ने गौतम कुमार को उसके घर से छीने गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल वही है, जिसे पुनपुन बाजार में युवक से छीना गया था.
कांड दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा
इस मामले में पुनपुन थाना में कांड संख्या 283/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
