Jumped into the Ganges : दानापुर में शनिवार शाम नासरीगंज के फक्कर महतो घाट पर एक महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी. तेज धार में बहने के कारण वह डूब गयी. महिला की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के ढिबरा गांव निवासी गोलू शर्मा की 23 वर्षीय पत्नी पुष्पा कुमारी के रूप में हुई है. उसका ससुराल नालंदा जिले में बताया जा रहा है.
पर्स-मोबाइल और चप्पल छोड़ कूदी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुष्पा फक्कर महतो घाट पर पहुंची थी. उसने पहले गंगा में हाथ-पैर धोये और नदी को प्रणाम किया. इसके बाद अपना पर्स, मोबाइल फोन और चप्पल घाट के बाहर रख दिया और अचानक गंगा में छलांग लगा दी. महिला के नदी में कूदते ही मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तेज धारा के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.
दानापुर-दीघा सीमा को लेकर पुलिस ने दी सूचना
फक्कर महतो घाट दानापुर और दीघा थाना क्षेत्र की सीमा के पास पड़ता है. पुलिस पदाधिकारी सुमित रंजन ने बताया कि घटनास्थल दीघा थाना क्षेत्र में आता है. घटना की सूचना दीघा पुलिस को दे दी गयी है.
पुलिस ने महिला के परिजनों से फोन पर पूछताछ की है. परिजनों ने किसी तरह की परेशानी या विवाद की जानकारी होने से इनकार किया है. महिला ने किस वजह से गंगा में छलांग लगायी, इसका पता लगाया जा रहा है.
