Patna Crime News : मसौढ़ी धनरुआ प्रखंड के बहरामपुर ओपी क्षेत्र स्थित बड़की धमौल गांव में मंगलवार शाम एक महिला ने पंखे की हुक से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतका की पहचान अरुण पासवान की पत्नी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर बहरामपुर ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ओपी प्रभारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने महिला को फंदे से उतारकर पलंग पर लिटा दिया था.प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने पारिवारिक कलह की बात सामने आयी है. हालांकि, महिला के खुदकुशी करने के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है.
मायके वालों ने नहीं दी लिखित शिकायत
घटना की सूचना मिलने पर महिला के मायके वाले भी बड़की धमौल गांव पहुंचे. फिलहाल उनकी ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. मायके वालों ने अंतिम संस्कार के बाद लिखित शिकायत देने की बात कही है. पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
