Prgya Mishra Murder Case : लखनऊ के गोमती नगर में गुरुवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया. आलमबाग के श्रृंगार नगर की रहने वाली दिव्या मिश्रा गोमती नगर स्थित एक बैंक के बाहर अपनी ड्यूटी पर पहुंची थीं. इसी दौरान उनके पति मानस वाजपेई वहां पहुंचा और दिव्या पर गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद दिव्या सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पत्नी की हत्या करने के बाद मानस वहां से सीधे अपने घर पहुंचा. इसके बाद उसने अपने मोबाइल पर अंग्रेजी में WhatsApp स्टेटस लगाया. इस स्टेटस में उसने दिव्या की हत्या करने की बात कबूल की और पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया.
व्हाट्सप्प स्टेटस में लिखी पूरी बात
मानस ने व्हाट्सप्प स्टेटस में अपनी बहन और खुद को भी खत्म करने की बात लिखी थी. उसने दिव्या की बहन प्रज्ञा और 'भारत' नाम के एक व्यक्ति का भी जिक्र किया. मानस ने दावा किया कि ये दोनों मामले के बारे में सब कुछ जानते हैं.
व्हाट्सप्प स्टेटस देखने के बाद पड़ोसी अंकुर को किसी अनहोनी की आशंका हुई. उन्होंने मानस को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ. इसके बाद पड़ोसी उसके घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया.
अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ दिया. घर के अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए. मानस की बीमार बहन सीमा भी मृत अवस्था में पड़ी थी और मानस ने खुद को भी गोली मार ली थी.
घर में चल रहा था टीवी, बज रही थी हनुमान चालीसा
पड़ोसियों के मुताबिक, जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर टीवी चल रहा था. टीवी पर हनुमान चालीसा बज रही थी. कमरे में मानस और उसकी बहन सीमा के शव पड़े थे.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. पुलिस अब घटनास्थल से मिले सबूतों और मानस के व्हाट्सप्प स्टेटस के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है.
एक साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी
पुलिस के अनुसार, मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. दोनों करीब एक साल से अलग रह रहे थे. उनका मामला फैमिली कोर्ट में भी लंबित था.
मानस भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था. उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी. घर में उसकी बीमार बहन सीमा उसके साथ रहती थी.
पड़ोसियों के अनुसार, मानस की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और पिछले कई वर्षों से उसका इलाज भी चल रहा था. हालांकि, पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किस वजह से उसने इतना खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस जांच में सामने आएगी हत्या की असली वजह
एक ही घटना में पत्नी, बहन और खुद की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस दिव्या की हत्या, सीमा की मौत और मानस के सुसाइड को जोड़कर जांच कर रही है.
व्हाट्सप्प स्टेटस में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी और क्या इसी विवाद के चलते मानस ने यह खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.
Also Read : पटना नगर निगम की जनसुनवाई में उमड़ी भीड़, 300 आवेदन और दस्तावेज जमा, जानिए आगे क्या होगा?