Viral Video: शादी में रसगुल्ले को लेकर बवाल, दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर चले लात-घूंसे और कुर्सियां, शादी टूटी

Bihar News: बोधगया में एक शादी रसगुल्ले की कमी के विवाद में बदलते-बदलते मारपीट और दहेज के आरोपों तक पहुंच गई. हंगामा इतना बढ़ा कि मंडप तक तैयार शादी आखिरकार रद्द करनी पड़ी. CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ चुका है.

Bihar News: बिहार के बोधगया के एक निजी होटल में आयोजित शादी समारोह उस समय पूरी तरह बेकाबू हो गया, जब रसगुल्ला कम पड़ने पर दूल्हा–दुल्हन पक्ष आपस में भिड़ गए. यह घटना 29 नवंबर की बताई जा रही है, जिसका CCTV फुटेज अब सामने आया है.

वीडियो में साफ दिख रहा है कि भोजन परोसने के दौरान मिठाई की कमी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते मामूली विवाद मारपीट में बदल गया. लात–घूंसे, कुर्सियां और जो भी हाथ लगा उससे दोनों ओर से हमला होने लगा. इस झड़प में कई लोग घायल हो गए और समारोह में अफरा-तफरी मच गई.

रसगुल्ले के लिए शादी कैंसिल

शादी में जयमाला सहित कई रस्में पूरी हो चुकी थीं और केवल मंडप में बैठकर विवाह कराना बाकी था. लेकिन रसगुल्ले पर शुरू हुआ हंगामा इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम पूरी तरह रुक गया और अंततः शादी रद्द कर दी गई.

दुल्हन पक्ष ने लगाया दहेज का आरोप

दूल्हा के पिता महेंद्र प्रसाद ने दावा किया कि मामला सिर्फ मिठाई को लेकर हुआ था, लेकिन दुल्हन पक्ष ने उन पर दहेज मांगने का झूठा आरोप लगाते हुए बोधगया थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया. उनका कहना है कि केस दर्ज होने के बाद भी वे शादी कराने को तैयार थे, मगर दुल्हन पक्ष किसी भी हालत में तैयार नहीं हुआ.

दूल्हा की मां मुन्नी देवी ने क्या बताया?

दूल्हा की मां मुन्नी देवी ने आरोप लगाया कि समझौते की बात चल रही थी तभी दुल्हन पक्ष के लोग शादी में लाए गए सभी जेवर-गहने लेकर होटल से निकल गए और दुल्हन को भी साथ ले गए. उनका कहना है कि होटल की बुकिंग और अधिकतर खर्च दूल्हा पक्ष ने किया था और अब भी वे विवाह के लिए तैयार हैं, लेकिन दुल्हन पक्ष से कोई सहयोग नहीं मिल रहा.

CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गर्मा गया है. पुलिस दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है.

Also Read: School Holiday: होली की 2, दुर्गा पूजा की 6 और ठंड की 7 छुट्टियां, बिहार शिक्षा विभाग ने जारी किया 2026 का स्कूल हॉलिडे कैलेंडर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >