Vijay Sinha: टोल फ्री नंबर की पोल खोलने खुद CSC पहुंचे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, ऑन द स्पॉट अधिकारियों की लगाई क्लास

Vijay Sinha: भूमि राजस्व विभाग के टोल फ्री नंबर की शिकायतों को लेकर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा अचानक CSC के रीजनल सेंटर पहुंच गए. यहां उन्होंने खुद फोन कर हकीकत जानी. लापरवाही पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई.

Vijay Sinha: डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने गुरुवार को सगुना मोड़ स्थित CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) के रीजनल सेंटर का औचक निरीक्षण किया. यहां उन्होंने भूमि राजस्व विभाग के टोल फ्री सेंटर की सिस्टम का जायजा लिया. डिप्टी सीएम के अचानक पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. सभी लोग जल्दबाजी में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गए.

दरअसल, भूमि राजस्व विभाग की ओर से आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18003456215 जारी किया गया है. लेकिन इस नंबर पर लगातार कॉल नहीं लगने की शिकायतें मिल रही थीं. इसी को गंभीरता से लेते हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने पहले खुद टोल फ्री नंबर पर कॉल करवाया. जब फोन नहीं लगा, तो वे खुद सच्चाई जानने सेंटर पहुंच गए.

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से मांगा पूरा ब्योरा

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने अधिकारियों से सख्त लहजे में सवाल किए. उन्होंने कहा कि परसों, कल और आज भी टोल फ्री नंबर पर कॉल लगवाया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. फिर भी कागजों में सब कुछ सही दिखाया जा रहा है. उन्होंने शिकायतों का पूरा ब्योरा मांगा.

विजय सिन्हा ने कॉल करने वालों से की बात

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को कुल 1008 कॉल अटेंड की गई हैं. इस पर डिप्टी सीएम ने कहा, “पांच कॉल निकालिए, मैं खुद बात करूंगा.” इसके बाद उन्होंने टोल फ्री नंबर पर कॉल करने वाले लोगों से सीधे बात की. फोन पर उन्होंने लोगों से पूछा कि वे कितनी देर से कॉल लगा रहे थे और क्या पहले भी फोन लगाया था.

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार

लोगों की परेशानी सुनकर विजय सिन्हा नाराज हो गए. उन्होंने सिस्टम की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुविधा के लिए योजनाएं बनाती है, लेकिन अगर वही व्यवस्था सही से काम नहीं करे तो यह गंभीर मामला है.

डिप्टी सीएम ने CSC मैनेजमेंट और विभागीय अधिकारियों को साफ निर्देश दिए. कहा कि टोल फ्री सिस्टम को तुरंत दुरुस्त किया जाए. कॉल रिसीविंग और शिकायतों के निपटारे की नियमित निगरानी हो. लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

Also Read: छत्तीसगढ़ में स्पंज आयरन प्लांट में भीषण धमाका, बिहार के 6 मजदूरों की मौत, बाप-बेटे भी जिंदा जले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >