Patna Crime News (पटना) : अगमकुआं थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित डीएवी स्कूल के सामने दुकान के आगे सब्जी का ठेला लगाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने दवा दुकानदार आशुतोष कुमार झा को चाकू मारकर घायल कर दिया. घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना मंगलवार शाम की है. मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
ठेला हटाने को लेकर महिला से हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दवा दुकान के सामने प्रतिदिन सब्जी का ठेला लगाया जाता है. इसका दुकानदार आशुतोष कुमार झा विरोध करते थे. मंगलवार को भी उन्होंने दुकान के सामने से सब्जी का ठेला हटाने को कहा. इसी बात को लेकर एक महिला से उनका विवाद हो गया. आरोप है कि आशुतोष झा ने ठेला वहां से हटा दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.
महिला के पक्ष में पहुंचे युवकों ने किया हमला
विवाद के बाद महिला के पक्ष में कुछ युवक मौके पर पहुंचे और आशुतोष झा के साथ मारपीट करने लगे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें चाकू मार दिया. चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद ट्रांसपोर्ट नगर सब्जी मंडी में अफरातफरी मच गयी.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस उस महिला की भी तलाश कर रही है, जिसके साथ ठेला हटाने को लेकर दुकानदार का विवाद हुआ था.
सुबह-शाम लगती है सब्जी मंडी
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर डीएवी स्कूल के पास प्रतिदिन सुबह और शाम सब्जी मंडी लगती है. कई दुकानों के सामने ठेले लगने के कारण दुकानदारों को परेशानी होती है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
