प्रतिनिधि, बिहटा
पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बिहटा गांव स्थित नकटा कुआं के पास पांच किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है. साथ ही एक बाइक जब्त की है. गिरफ्तार तस्करों की पहचान अल्हनपुरा निवासी संतोष कुमार, वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के मलिकपुर निवासी सिंधु कुमार, और जानदाहा थाना क्षेत्र के सालहा निवासी अरविंद कुमार के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार, पुलिस जिनपुरा रोड के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. शक होने पर पुलिस ने पीछा किया और नकटा कुआं के पास तीनों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से पांच किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बतायी जा रही है. इस संबंध में थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
