बिहार में दम घुटने से बाप-बेटे समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, शौचालय टंकी तोड़ JCB से निकाले गए शव

Bihar News: समस्तीपुर में शौचालय की टंकी साफ करने के दौरान दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में बाप, बेटा और भतीजा टैंक में उतरते-उतरते बेहोश हो गए. अस्पताल ले जाने पर भी उन्हें बचाया नहीं जा सका, इलाज में लापरवाही के आरोप भी लगे हैं.

Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले में मंगलवार देर शाम एक हृदय विदारक हादसा हो गया, जिसमें शौचालय की टंकी साफ करते समय बाप-बेटे समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. यह हादसा जिले के लरझाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है.

टंकी में उतरने के बाद नहीं लौटे बाहर

घटना उस वक्त हुई जब भानू साह के बेटे राम उमेश साह (42) घर के शौचालय की सेफ्टी टंकी में रिसाव रोकने के लिए सफाई करने उतरे. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आए तो उनके भाई दया राम साह ने टंकी में उतरने का फैसला किया. जब वह भी नहीं लौटे तो दया राम का 15 वर्षीय बेटा राधेश्याम कुमार नीचे गया, लेकिन तीनों ही टंकी के अंदर बेहोश हो गए.

ग्रामीणों ने तोड़ी टंकी की दीवार, जेसीबी से निकाले गए शव

शोर मचने पर स्थानीय लोग जमा हो गए. आनन-फानन में जेसीबी मंगवाकर टंकी की दीवार को तोड़ा गया और रस्सियों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया. उन्हें तत्काल हसनपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गंभीर हालत में बेगूसराय रेफर किया गया. परंतु रास्ते में ही तीनों ने दम तोड़ दिया.

ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत? अस्पताल प्रशासन पर सवाल

परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हसनपुर सीएचसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों ने बताया कि, “हम तीनों को अस्पताल लाए लेकिन वहां ऑक्सीजन नहीं दिया गया. डॉक्टरों ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई. अगर समय रहते ऑक्सीजन मिल जाता तो शायद जान बचाई जा सकती थी.” वहीं डॉक्टरों ने बताया कि हालत बेहद नाजुक थी.

पुलिस कर रही जांच

वहीं घटना की पुष्टि करते हुए लरझाघाट थाना के जमादार जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह हादसा शौचालय टंकी की सफाई के दौरान हुआ. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है. इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है. एक ही परिवार से तीन जनों का एक साथ यूं चले जाना पूरे इलाके को स्तब्ध कर गया है.

Also Read: सांसद उपेंद्र कुशवाहा को फिर मिली जान से मारने की धमकी, कहा- राजनीति मत करो, हम छोड़ने वालों में से नहीं हैं…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >