Patna News : मनेर. नगर परिषद क्षेत्र के पड़ाव पर स्थित मुकेश स्वीट्स में अज्ञात चोरों ने छत का एडवेस्टेड (करकट) हटाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर दुकान से करीब पांच हजार रुपये नकद, मिठाई बनाने के बर्तन और मिठाई समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
16 फीट नीचे कूदकर दुकान में घुसे चोर
बताया जाता है कि हुद्दा पर निवासी मुकेश गुप्ता की पुरानी एनएच-30 के समीप मुकेश स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान है. रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर दुकान की छत पर लगे एडवेस्टेड (करकट) को हटाकर अंदर घुसे. चोर करीब 16 फीट नीचे कूदकर दुकान के पिछले हिस्से में पहुंचे और वहां का किवाड़ खोलकर दुकान में प्रवेश किया.
गल्ला तोड़कर नकद और सामान ले गए
सुबह दुकान खोलने पहुंचे मुकेश गुप्ता के पुत्र निखिल गुप्ता ने देखा कि दुकान का सामान बिखरा हुआ है और गल्ला समेत कई सामान गायब हैं. उन्होंने बताया कि चोर करीब पांच हजार रुपये नकद, मिठाई बनाने के बर्तन, मिठाई और अन्य सामग्री चोरी कर ले गये. चोरों ने गल्ला तोड़ दिया था, जिसे दुकान से कुछ दूरी पर खेत से बरामद किया गया. हालांकि गल्ले में रखे रुपये गायब थे.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दुकान और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य बिंदुओं की जांच कर चोरों की पहचान करने में जुटी है.
