बैरिया बस स्टैंड में दो माह से बत्ती गुल, बंद पड़े हैं 16 में से 11 सीसीटीवी कैमरे

बैरिया स्थित पाटलिपुत्र बस स्टैंड में यात्रियों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है.

पड़ताल

संवाददाता, पटनाबैरिया स्थित पाटलिपुत्र बस स्टैंड में यात्रियों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है. स्टैंड में दो महीने से बिजली गुल है. परिसर में दिये गये जनरेटर से दिनभर में दो-तीन घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पाती है. वहीं, ठीक से बिजली सप्लाइ नहीं होने से स्टैंड में पानी की समस्या हो रही है. शौचालय में पानी नहीं पहुंच रहा है. सोमवार को प्रभात खबर संवाददाता शांतनु रात ने स्टैंड की पड़ताल की. पेश है रिपोर्ट…

दो माह से बिजली की समस्या

बैरिया बस स्टैंड स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष बिजली प्रसाद ने बताया कि करीब दो महीने से पावर हाउस से तकनीकी समस्या होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गयी है. बार-बार इसकी शिकायत करने पर भी अधिकारी यह कह कर टाल देते हैं कि बैटरी लायी जा रही है. जल्द ही बिजली बहाल की जायेगी. उन्होंने यह भी बताया कि रात के समय में पूरे बस स्टैंड परिसर में घना अंधेरा होने के कारण महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं. टंकी में पानी भरने के लिए सुबह में कुछ घंटे, तो रात में दो घंटे के लिए जेनरेटर चलाया जाता है.

आधे से अधिक सीसीटीवी कैमरे नहीं कर रहे काम

बस स्टैंड में लगाये गये करीब 16 से अधिक सीसीटीवी कैमरे में मात्र पांच कैमरे काम कर रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार बैरिया बस स्टैंड के कई मुख्य स्थलों पर तो नशेड़ियों का अड्डा बना रहता है. बस स्टैंड में आने वाली यात्री व महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी कैमरों काे जल्द ही ठीक करवाना होगा.

शौचालय में पानी नहीं, गंदगी का लगा अंबार

स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष बिजली प्रसाद ने बताया कि बैरिया बस स्टैंड में बनाये गये सामूहिक शौचालय में पानी सप्लाइ ठप हो जाने के कारण महिला यात्रियों को बेहद परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि शौचालय में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे 24 घंटे स्टैंड में बदबू फैला रहता है.

रोजाना 700 से अधिक बसें व 10 हजार यात्री यहां से करते हैं सफर

मालूम हो कि बैरिया बस स्टैंड से रोजाना 700 से अधिक बसें व 10 हजार यात्री हर दिन बस पकड़ने आते हैं. यहां से पश्चिम बंगाल और झारखंड के अलावा राज्य के सभी जिलों के लिए बसों का परिचालन किया जाता है. मालूम हो कि जुलाई, 2021 में मीठापुर बस स्टैंड को हटा कर बैरिया शिफ्ट किया गया था.

कोटबस स्टैंड में पावर सप्लाइ करने के लिए इस्तेमाल बैटरी खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गयी है. दिल्ली से बैटरी मंगायी गयी है. उम्मीद है बिजली जल्द बहाल कर दी जायेगी.

– पंकज, मैनेजर, बैरिया बस स्टैंड

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar prabhat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >