Rail News: बरकाकाना-इस्लामपुर एक्सप्रेस में यात्री का बैग चोरी: तारेगना के पास 20 हजार कैश व 4 मोबाइल पार, पटना जंक्शन जीआरपी में केस दर्ज

बरकाकाना-इस्लामपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का बैग चोरी हो गया. बैग में 20 हजार रुपये नकद, चार स्मार्टफोन और जरूरी दस्तावेज थे. पटना जंक्शन जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Rail News: रांची से पटना आ रहे फुलवारीशरीफ के एक रेलयात्री का बैग चलती ट्रेन से शातिर चोरों ने गायब कर दिया. बैग में 20 हजार रुपये नकद, चार कीमती स्मार्टफोन, पर्स और कई आवश्यक मूल दस्तावेज रखे हुए थे. वारदात बरकाकाना-इस्लामपुर एक्सप्रेस में तारेगना और पटना जंक्शन के बीच घटी. पीड़ित यात्री की लिखित शिकायत पर पटना जंक्शन रेल थाना (जीआरपी) ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है.

तारेगना के पास अचानक गायब हुआ बैग

फुलवारीशरीफ के इसोपुर निवासी जीशान फहीम 16 सितंबर को रांची से पटना आने के लिए बरकाकाना-इस्लामपुर एक्सप्रेस में सवार हुए थे. सफर के दौरान ट्रेन जब तारेगना स्टेशन से खुलकर पटना जंक्शन की ओर बढ़ रही थी, उसी बीच चोरों ने मौका पाकर उनका बैग पार कर दिया. कुछ देर बाद जब यात्री की नजर अपनी सीट के पास गई तो बैग गायब देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने बोगी में मौजूद सहयात्रियों से पूछताछ की और पूरी बोगी की तलाशी ली, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला.

पटना जंक्शन पहुंचते ही जीआरपी में दी शिकायत

ट्रेन के पटना जंक्शन पहुंचते ही पीड़ित यात्री सीधे रेल थाने पहुंचे और घटना की विस्तृत लिखित शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित ने बताया कि बैग में 20 हजार रुपये नकद और चार मोबाइल फोन के अलावा उनके व्यक्तिगत पहचान पत्र व कई जरूरी कागजात मौजूद थे. रेल पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है.

मोबाइल लोकेशन और सीडीआर से चोरों की तलाश

मामले की जांच कर रही पटना जंक्शन जीआरपी अब तकनीकी अनुसंधान का सहारा ले रही है. पुलिस ने चोरी गए चारों मोबाइल नंबरों और आईएमईआई (IMEI) नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया है. इसके साथ ही तारेगना और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों वाले चेहरों की पहचान की जा सके.

संदिग्ध यात्रियों की गतिविधियों पर पुलिस का पहरा

रेल पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की इस घटना को किसी लोकल गिरोह ने अंजाम दिया है या ट्रेन में पहले से रेकी कर रहे शातिरों का यह काम है. जीआरपी अधिकारियों के अनुसार पटना-गया रेलखंड पर रात्रि और भोर के समय सक्रिय रहने वाले संदिग्ध तत्वों की सूची तैयार की जा रही है. रेल पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही शातिर चोरों को दबोच लिया जाएगा.

Also Read: बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के नाम और DP से बना फर्जी WhatsApp: अधिकारियों को भेजे जा रहे संदेश, पटना साइबर थाना में जांच शुरू

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आनंद सिंह कौशिक

आनंद सिंह कौशिक बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. रेलवे, मेट्रो, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी खबरों पर विशेष रिपोर्टिंग करते हैं. साथ में पटना समेत बिहार के अपराध और राजनीतिक खबरों में भी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >